BJP Through Power In Lok Sabha By Election Azamgarh
लोकसभा उपचुनाव आजमगढ़ में भाजपा ने झोंकी ताकत
- By Admin --
- Sunday, 19 Jun, 2022
लखनऊ,19 जून (हि.स.)। लोकसभा उप चुनाव आजमगढ़ संसदीय सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के प्रदेश स्तर के नेताओं को जहां जमीनी स्तर पर प्रचार व जन सम्पर्क के लिए उतार दिया है वहीं पार्टी के बड़े नेताओं के दौरे भी लगातार हो रहे हैं। शनिवार को जहां भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने आजमगढ़ में जनसभा की थी वहीं रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आजमगढ़ जा रहे हैं। योगी आदित्यनाथ आजमगढ़ के भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव “निरहुआ” के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री का एक कार्यक्रम सदर तहसील के अकबेलपुर गांव में है जबकि दूसरा कार्यक्रम सगड़ी तहसील के बघैला गांव में है।
सपा-भाजपा के बीच मुकाबले के आसार
आजमगढ़ में 23 जून को मतदान होना है। यहां पर भाजपा से दिनेश लाल यादव,सपा से धर्मेन्द्र यादव और बसपा से शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली उम्मीदवार हैं। आजमगढ़ में सपा व भाजपा के बीच कड़े मुकाबले के आसार हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के इस्तीफा देने के बाद आजमगढ़ सीट खाली हुई थी। इसलिए सपा के सामने जहां अपनी सीट को बचाने की चुनौती है। वहीं भाजपा के सामने इस अभेद सीट पर कब्जा करने की चुनौती है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कहा कि इस चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी दिनेश लाल यादव “निरहुआ” की प्रचण्ड जीत होने जा रही है। आजमगढ़ लोकसभा के इस उप चुनाव में जब कमल खिलेगा तो उसकी सुगंध 2024 के लोकसभा चुनाव तक रहेगी।