DONE TO PREVENT FROM WITNESSING
गवाही देने से रोकने के लिए पीट-पीटकर किया अधमरा
- By Admin --
- Saturday, 25 Jun, 2022
बेगूसराय, 25 जून (हि.स.)। बेगूसराय में एक ओर अपराध चरम पर है तो दूसरी ओर अब किसी भी अपराध में गवाही देना भी मुश्किल हो गया है। शुक्रवार की रात में बदमाशों ने गवाही देने से रोकने के लिए एक व्यक्ति को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। गंभीर रूप से घायल गवाह को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना मंसूरचक थाना क्षेत्र के गणपतौल गांव की है।
घटना के संबंध में पीड़ित अर्जुन पासवान ने बताया कि बीते वर्ष उसके गांव में दो पक्षों के बीच भीषण मारपीट हुई थी। जिसमें कई लोग घायल हुए थे। घटना में उसका नाम गवाही में दे दिया गया था। शनिवार को इस मामले की गवाही होनी थी लेकिन इससे पहले ही शुक्रवार की रात जब वह शौच करने गया तो विष्णुदेव पासवान सहित 10-15 लोगों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिय। लाठी डंडे एवं रॉड से हुई पिटाई में जहां पैर टूट गया है, वहीं कई अन्य जगह भीषण चोट है। फिलहाल गंभीर रूप से घायल अर्जुन पासवान का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई है।
DONE TO PREVENT FROM WITNESSING