BSP MLA from Bhind Sanjeev Singh will join BJP today
भिंड से बसपा विधायक संजीव सिंह आज भाजपा में होंगे शामिल
- By Admin --
- Tuesday, 14 Jun, 2022
भोपाल, 14 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भिंड से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक संजीव सिंह संजू अपने समर्थकों के साथ मंगलवार को भाजपा में शामिल होंगे। वह प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और आला पदाधिकारियों की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
संजीव सिंह संजू का भाजपा पुराना घर है। उनके पिता डा. रामलखन सिंह भिंड-दतिया लोकसभा क्षेत्र से लगातार चार बार भाजपा सांसद और भिंड से एक बार विधायक रहे हैं। संजीव भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी और जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके हैं। वर्ष 2013 में संजीव सिंह और उनके पिता डा. रामलखन सिंह भाजपा छोड़कर बसपा में शामिल हो गए थे।
संजीव सिंह संजू ने 2013 में बसपा से विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन जीत नहीं पाए। वर्ष 2018 का चुनाव भी संजीव सिंह बसपा से लड़े और यह चुनाव उन्होंने 35 हजार 896 वोटों के अंतर से जीता। जीत के इस बड़े अंतर से पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी और विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह को हराकर संजीव सिंह विधानसभा पहुंचे। संजीव सिंह के घर वापसी के निर्णय से बसपा को तगड़ा झटका लगा है।