Former BJP MLA Suryabhan Singh passed away, Chief Minister
पूर्व विधायक सूर्यभान सिंह के निधन पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया
- By Admin --
- Friday, 17 Jun, 2022
सुलतानपुर, 17 जून (हि.स.)। पूर्व विधायक सूर्यभान सिंह (72) ने शुक्रवार को लखनऊ के एक अस्पताल में अंतिम श्वास ली। फेफड़े में संक्रमण होने पर उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन पर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक संवेदना व्यक्त की है।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने पूर्व विधायक सूर्य भान सिंह के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति की प्रार्थना करते हुए उनके परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि भाजपा के पूर्व विधायक सूर्य भान सिंह का निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें। विधायकों में विनोद सिंह, राजेश गौतम, सीताराम वर्मा सहित जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा, व्यापारी नेता आलोक कुमार आर्य, डॉ रामजी गुप्ता, नगरपालिका अध्यक्ष बबिता जायसवाल, अजय जायसवाल आदि ने भी शोक संवेदना व्यक्त की है।
पूर्व विधायक सूर्यभान सिंह मूलरुप से सुलतानपुर जिले के जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र के बेलहरी गांव के मूल निवासी थे। वो यहां शहर के सिविल लाइन मोहल्ले में निवास करते थे। जन्म 05 फरवरी, 1950 को हुआ था। पूर्व विधायक कुल सात भाईयों में से तीसरे नम्बर पर थे। विधायक के दो पुत्र और एक पुत्री है। उनका राजनैतिक सफर जनता दल से शुरू हुआ था। पहली बार 1989 में जयसिंहपुर से जनता दल से चुनाव लड़कर जीत हासिल कर विधायक बने थे। इसके बाद 1996 में सुलतानपुर सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़कर विधायक बने। तीसरी बार 2017 में सुलतानपुर सीट से चुनाव लड़ा और 30 हजार से अधिक वोट के अंतर से बसपा प्रत्याशी को हराकर जीत हासिल की थी।