MP: Congress's allegation - continuous atrocities on tribals
मप्र: कांग्रेस का आरोप- आदिवासियों पर लगातार हो रहे अत्याचार
- By Admin --
- Friday, 24 Jun, 2022
भोपाल, 24 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश युवक कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने भाजपा पर आदिवासी विरोधी होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि पूरे देश में अगर कहीं आदिवासियों पर सबसे ज्यादा जुल्म किये जाते हैं तो वह मध्यप्रदेश ही है। शिवराज सिंह चौहान के मुख्यमंत्री कार्यकाल में प्रदेश पूरे देश में आदिवासी अत्याचार में नंबर वन पर पहुंच चुका है। आदिवासी हित का बजट भाजपा की रैली और दूसरे कार्यक्रमों में खर्च करने वाले किस मुंह से आदिवासी कल्याण की बात करते हैं।
विक्रांत भूरिया ने जारी अपने एक बयान में कहा कि भारतीय जनता पार्टी इवेंट मैनेजमेंट में माहिर है और आदिवासियों के नाम पर विगत 17 वर्षों में इस प्रकार के दर्जनों इवेंट हम सबने देखे हैं, लेकिन भाजपा के लोग ही आदिवासियों पर लगातार अत्याचार कर रहे हैं। सिवनी की घटना इसका उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार आदिवासियों को सुरक्षा देने में विफल रही है।
एनसीआरबी के आंकड़ों का जिक्र करते हुए भूरिया ने बताया कि प्रदेश में लगभग 7000 नाबालिग बच्चियां गायब हैं, उनमें से हजारों बच्चियां आदिवासी समाज की भी हैं। युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि शिवराज सरकार आदिवासियों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने व युवाओं को रोजगार देने में भी नाकाम साबित हुई है। प्रदेश के आदिवासी वर्ग बैकलॉग के डेढ़ लाख पद रिक्त हैं और प्रदेश सरकार इन पदों को भरने में नाकाम रही है।