बेंगलुरु, 18 नवंबर (हि.स.)। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों के सिलसिले में लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार सुबह कर्नाटक के पांच जिलों में एक साथ छापा मारा। हासन, चित्रदुर्ग, बागलकोट, बीदर और हुबली में विभिन्न सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवासों, कार्यालयों तथा निजी अस्पतालों में तलाशी अभियान चलाया गया है।
हासन में सकलेशपुर के क्षेत्रीय वन अधिकारी (आरएफओ) हेमंत कुमार के चिक्कहोन्नेनहल्ली स्थित आवास पर छापेमारी की गई। अधिकारियों ने यहां पहुंचकर विभिन्न दस्तावेजों की जांच की। चित्रदुर्ग जिला अस्पताल के जिला सर्जन डॉ. रवींद्र और माप-तौल विभाग के निरीक्षक वेंकटेश से जुड़े ठिकानों पर लोकायुक्त अधिकारियों ने तलाशी ली। डॉ. रवींद्र के चेलेकेरे रोड स्थित आवास और उनके अक्षम ग्लोबल अस्पताल में जांच की गई। वहीं, निरीक्षक वेंकटेश के विद्यानगर स्थित आवास और उनके महालक्ष्मी निवास पर भी छापेमारी की गई। यह कार्रवाई लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक एम.एस. कौलापुरे और पुलिस उपाधीक्षक कलावती के नेतृत्व में की गई।
बागलकोट जिले के जमखंडी तालुक पंचायत के पंचायत राज विभाग के सहायक निदेशक संजीव हिप्परगी के दो आवासों पर भी छापेमारी हुई। इससे पहले रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त के जाल में फंसे संजीव के विजयनगर स्थित आवास और माइगुरु रोड पर उनके पिता के घर में दस्तावेजों की जांच की गई। लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक महालिंग नंदगावी के मार्गदर्शन में पुलिस उपाधीक्षक सुरेश रेड्डी के नेतृत्व वाली टीम ने कार्रवाई की। इसमें बागलकोट, बेलगावी और कोप्पल के अधिकारी शामिल रहे।
बीदर चिकित्सा विज्ञान संस्थान (ब्रिम्स) के नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य राजकुमार मालगे के गुरुनगर स्थित आवास और कार्यालय पर भी लोकायुक्त ने छापा मारा। पुलिस अधीक्षक सिद्धराजू के मार्गदर्शन में पुलिस उपाधीक्षक हनुमंतराय के नेतृत्व वाली टीम ने संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों की जांच की।
हुबली में उत्तर पश्चिम कर्नाटक सड़क परिवहन निगम के चालक एवं परिचालक षडक्षरय्या के गांधीनगर स्थित आवास पर छापेमारी की गई। धारवाड़ लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धलिंगप्पा के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम दस्तावेजों की जांच कर रही है।