Logo
Header
img

जी-20: विदेशी मेहमानों ने चखा इंदौरी पोहे-जलेबी का स्वाद

इंदौर, 13 फरवरी (हि.स.)। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में जी-20 देशों के कृषि कार्य समूह की तीन दिवसीय बैठक सोमवार से शुरू हो चुकी है। इसमें शामिल होने आए प्रतिनिधियों का इंदौर में स्वागत किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया गया। विदेशी मेहमानों को नाश्ते में इंदौर के पोहे-जलेबी परोसे गए। साथ ही मेहमानों को इंदौर के इतिहास को भी जानने का मौका मिला। इंदौर में जी-20 समिट में भाग लेने के लिए 20 सदस्य देशों के प्रतिनिधि मेहमान और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के लगभग 100 प्रतिनिधि भाग लेने के लिए इंदौर पहुंचे हैं। पहले दिन सोमवार को यह प्रतिनिधि हेरिटेज वॉक पर निकले। इंदौर के प्रसिद्ध राजवाड़ा, गोपाल मंदिर और कृष्णपुरा छतरी का भी भ्रमण किया। विदेशी मेहमानों को इतिहास के बारे में जानकारी दी गई। भ्रमण के दौरान मेहमानों की सुरक्षा का खास ख्याल रखा गया। इसके साथ ही अतिथि देवो भव: की परंपरा को निभाते हुए मेहमानों का स्वागत किया गया। इस दौरान मेहमानों को जगह-जगह पुष्प देकर स्वागत हुआ। बोलिया सरकार की छतरी पर रागिनी मक्खर के ग्रुप ने सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति दी है। इस डांस को देखकर मेहमान मंत्रमुग्ध हो गए। इससे पहले विदेशी मेहमानों ने इंदौरी पोहे और जलेबी का स्वाद भी चखा। सम्मेलन में जी-20 समूह के सदस्य देश भारत, इंडोनेशिया, ब्राजील, अर्जेंटीना, आस्ट्रेलिया, कनाडा, चायना, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, कोरिया, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, साउथ अफ्रीका, तुर्किये, यूके, यूएसए और यूरोपियन यूनियन शामिल हैं। इसके अलावा 10 आमंत्रित देश बांग्लादेश, मिस्र, मारीशस, नीदरलैंड, नाइजीरिया, ओमान, सिंगापुर, स्पेन, यूएई, वियतनाम के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। ऐसा रहा पहला दिन सोमवार को दिन की शुरुआत राजवाड़ा पैलेस में हेरिटेज वॉक के साथ हुई, जहां प्रतिनिधियों को महल के इतिहास में शामिल होने का मौका मिला। दिन का दूसरा भाग मुख्यमंत्री के स्वागत के साथ शुरू हुआ, जहां उन्होंने कृषि और संबद्ध क्षेत्र द्वारा की गई क्षमता, उपलब्धियों और प्रगति को प्रदर्शित करने वाली प्रदर्शनी का उद्घाटन किया, जिसमें बाजरा, डेयरी आदि पर विशेष जोर दिया गया। तत्पश्चात, दो पक्ष कार्यक्रम अर्थात्: जी-20 पहलों का जायजा लेना और खाद्य सुरक्षा पर जलवायु स्मार्ट कृषि पर वैश्विक मंच, बैठक के दौरान आयोजित किए गए। प्रतिनिधियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी के साथ-साथ साइड इवेंट्स में विभिन्न संगठनों और प्रतिष्ठित व्यक्तियों की उपस्थिति भी देखी गई। विचार-विमर्श के बाद, दिन का समापन किसान मेला, लाइव काउंटर, डीआईवाय स्टॉल और सांस्कृतिक कार्यक्रम के आनंद के साथ हुआ। अन्य देशों से आए अतिथियों ने स्थानीय संस्कृति और व्यंजनों का स्वाद लिया।
Top