Logo
Header
img

जानिये कैसा था इतिहास के पन्नों में 08 दिसंबर

जब भारत को सोवियत संघ से मिली पहली पनडुब्बी कलवरी

देश-दुनिया के इतिहास में 08 दिसंबर की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। यह तारीख भारत की हिफाजत में लगी सेनाओं के लिए खास अहमियत रखती है। दरअसल 08 दिसंबर 1967 को पहली पनडुब्बी ‘कलवरी’ को भारतीय नौसेना में शामिल किया गया था और इसे 31 मार्च, 1996 को 30 वर्ष की राष्ट्र सेवा के बाद नौसेना से सेवानिवृत्त कर दिया गया। इसका नाम हिंद महासागर में पाई जाने वाली खतरनाक टाइगर शार्क के नाम पर रखा गया। इसके बाद विभिन्न श्रेणियों की बहुत सी पनडुब्बियां नौसेना का हिस्सा बनीं। फ्रांस के सहयोग से देश में ही निर्मित स्कार्पीन श्रेणी की आधुनिकतम पनडुब्बी को 2017 में नौसेना में शामिल किया गया और इसका नाम भी ‘कलवरी’ ही रखा गया। कलवरी को दुनिया की सबसे घातक पनडुब्बियों में से एक माना जाता है। कलवरी समुद्र के नीचे खामोश प्रहरी की तरह रहती है। जरूरत पड़ने पर यह दुश्मन की नजर बचाकर सटीक निशाना लगाने और भारी तबाही मचाने में सक्षम है।

सोवियत संघ के रीगा बंदरगाह से यह भारत के लिए चली थी। कभी सोवियत संघ का हिस्सा रहा रीगा अब लात्विया की राजधानी है। जुलाई 1968 में "कलवरी" भारत के विशाखापत्तनम पहुंची। रीगा से विशाखापत्तनम पहुंचने में इस सबमरीन को तीन महीने लगे थे। इस दौरान इसने 30 हजार 500 किलोमीटर से ज्यादा का सफर किया। जिस दौरान भारत की "कलवरी" रीगा से विशाखापत्तनम की यात्रा कर रही थी। उसी दौरान तीन ताकतवर देशों अमेरिका, ब्रिटेन और सोवियत संघ की तीन सबमरीन समुद्र में डूब गई थीं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उस दौर में सबमरीन का संचालन कितना कठिन रहा होगा।

भारतीय नौसेना में शामिल होने के चार साल बाद ही इस सबमरीन ने 1971 में भारत-पाकिस्तान के युद्ध में अपने जौहर दिखाए। इस जंग में 8-9 दिसंबर की रात भारतीय नौसेना ने कराची बंदरगाह तबाह कर दिया था। इसे ऑपरेशन ट्राइडेंट नाम दिया गया था। इस ऑपरेशन में इस सबमरीन की अहम भूमिका थी।

इसके अलावा 1980 में इसी तारीख को म्यूजिक बैंड बीटल के सदस्य जॉन लेनन की न्यूयॉर्क में हत्या कर दी गई थी। लेनन का हत्यारा फेमस होना चाहता था, इसलिए उसने एक लिस्ट बनाई थी। इस लिस्ट में एलिजाबेथ टेलर, रोनाल्ड रीगन जैसे दिग्गजों के नाम थे। 2000 में रिहा होने के बाद लेनन के हत्यारे चैपमेन ने कहा था कि मैं मशहूर होना चाहता था। मुझे लगा कि लेनन को मारकर मैं फेमस हो जाऊंगा। मैं कुछ बनना चाहता था, लेकिन मैं हत्यारा बन गया और हत्यारे कुछ नहीं होते हैं। और 2010 में 08 दिसंबर को ही अमेरिका की एयरोस्पेस कंपनी स्पेस-एक्स ने अपना यान अंतरिक्ष में भेजा था। ऐसा करने वाली वह दुनिया की पहली निजी कंपनी बनी। यह यान कक्षा में सफलतापूर्वक छोड़ा गया और अपनी कार्य अवधि पूरी करने के बाद यह वापस लौट आया था।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1863ः चिली की राजधानी सांतियागो में एक गिरिजाघर में आग लगने से ढाई हजार लोगों की मौत।

1881ः आस्ट्रिया की राजधानी विएना में थियेटर में आग लगने से 800 से ज्यादा लोगों की मौत।

1967ः कलवरी श्रेणी की पहली पनडुब्बी भारतीय नौसेना का हिस्सा बनी।

1980 - दुनियाभर में मशहूर बीटल बैंड में शामिल रहे जॉन लेनन की न्यूयार्क में हत्या।

1983ः ब्रितानी संसद के उच्च सदन हाउस आफ लॉर्डस में पहली बार टेलीविजन कैमरे के प्रवेश की इजाजत।

1987ः अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन और सोवियत नेता मिखाइल गोर्बाच्योफ ने परमाणु हथियारों में कटौती की संधि पर हस्ताक्षर किए।

1991ः रूस, यूक्रेन और बेलारूस ने सोवियत संघ के पतन के बाद स्वतंत्र देशों का राष्ट्रमंडल बनाने के लिए एक संधि पर दस्तखत किए।

2000ः फ्रांस के वैज्ञानिकों ने अल्जाइमर का नया उपचार खोजने का दावा किया।

2002ः अमेरिका ने भारत की पारम्परिक जैव संपदा नीम, हल्दी और जामुन का पेटेंट हासिल करने के बाद गोमूत्र का भी पेटेंट कराया।

2004 : पाकिस्तान ने शाहीन-1 मिसाइल का सफल परीक्षण किया।

2010ः अमेरिका की एयरोस्पेस कंपनी स्पेसएक्स ने अपना यान अंतरिक्ष में भेजा।

2019: फिनलैंड की सना मारिन 34 साल की उम्र में दुनिया की सबसे युवा प्रधानमंत्री बनीं।

2019: दिल्ली में अनाज मंडी के रिहायशी इलाके में स्कूल बैग फैक्टरी में आग। 43 लोगों की मौत।

जन्म

1875 : भारत के महान उदारवादी नेता तेज बहादुर सप्रू।

1900ः भारत के प्रसिद्ध नर्तक और बैले निर्माता उदय शंकर।

1901ः भारतीय स्वतंत्रता सेनानी, पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता अमरनाथ विद्यालंकार।

1927: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल।

1935: भारतीय अभिनेता धर्मेन्द्र।

1946: भारतीय अभिनेत्री शर्मिला टैगोर।

निधन

1947ः भारत के महान क्रांतिकारी भाई परमानन्द।

2015ः जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के बीच लोकप्रिय जनकवि रमाशंकर यादव 'विद्रोही'।

2002ः कांग्रेस के प्रमुख नेता श्रीपति मिश्र।

दिवस

मार्गशीर्ष पूर्णिमा

अन्नपूर्णा जयंती

अखिल भारतीय हस्तशिल्प सप्ताह (08-14 दिसंबर )

दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय संगठन दिवस

Top