Logo
Header
img

शातिर ने एनी डेस्क एप डाउनलोड करवा खाते से निकाले 57 हजार

जोधपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के सिंधी कॉलोनी जलजोग के पास में रहने वाले एक व्यक्ति के खाते से शातिर ने 57 हजार से ज्यादा की रकम साफ कर डाली। पीडित को पार्सल नहीं मिलने पर गूगल पर नंबर सर्च किया था। पुलिस ने अब घटना में आईटी एक्ट में केस दर्ज किया है। मामले में जांच की जा रही है।

शास्त्रीनगर थानाधिकारी जोगेंद्र सिंह ने बताया कि मूलत: हरियाणा सिरसा हाल सिंधी कॉलोनी जलजोग चौराहा के समीप किराए पर रहने वाले ईश्वरसिंह पुत्र भीमसैन ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि उसके नाम से एक पार्सल घर पर आना था। मगर वह नहीं पहुंचा। इस पर उसने कंपनी के नंबर गूगल पर सर्च कर आवेदन किया। कुछ देर बाद किसी का फोन आया कि उसने पार्सल के लिए लिखा है। तब सामने वाले ने कहा कि घर का एडे्रस सही नहीं है और फिर से भेजे। इसके लिए एनी डेस्क एप को इंस्टाल करने को कहा गया। ईश्वर सिंह ने एनी डेस्क एप डाउन लोड किया। इस पर बाद में एक ओटीपी नंबर आया और उसे क्लिक करने पर कुछ ही देर बाद उसके खाते से अलग अलग तीन बार में 57 हजार 120 रुपये निकल गए।

Top