Logo
Header
img

गीदम में श्रीगणेश स्थापना का पूरा हुआ 87वां वर्ष, भजन-कीर्तन व श्रीगणेश की प्रतिमा बनाने में मुस्लिम परिवार का याेगदान

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के गीदम नगर में सार्वजनिक गणेशोत्सव समिति गीदम द्वारा श्रीगणेश प्रतिमा स्थापना का गौरवशाली 87वां वर्ष भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है। सार्वजनिक गणेशोत्सव समिति के अध्यक्ष अजय अवस्थी ने बताया कि गणेश चतुर्थी 2025 के शुभ अवसर पर श्रीगणेश मंडप, पुराना बाज़ार पारा, गीदम में श्रीगणेशजी की प्रतिमा स्थापना की गई है। उन्होंने बताया कि गीदम गणेशोत्सव गंगा-जमुनी तहज़ीब का प्रतीक के रूप में स्थापित है, लगभग 30 वर्षों तक गणेश प्रतिमा का निर्माण मुस्लिम परिवारों द्वारा पठान पारा में किया जाता रहा, वर्तमान में समिति के सांस्कृतिक प्रमुख साजिद भारती खान पिछले 15 वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

भजन-कीर्तन में भक्कु खान और छोटे खान की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। वहीं शेख नसीम आज भी नगर के स्कूलों में जाकर बच्चों को मंचीय प्रस्तुतियों के लिए तैयार करते हैं। अनिल जॉर्ज वर्षों तक समिति के कोषाध्यक्ष रहे और अब संरक्षक के रूप में मार्गदर्शन दे रहे हैं। गीदम नगर का सार्वजनिक गणेशोत्सव धर्म, जाति और समुदाय से ऊपर उठकर एकता, प्रेम और भाईचारे की मिसाल बन गया है।

समिति के वरिष्ठ सदस्य जयप्रकाश सिंह चौहान, शेख नसीम, राकेश कुशवाह, पिंटू जाती, गजेन्द्र सिंह बताते हैं कि यह उत्सव सिर्फ धार्मिक पर्व नहीं बल्कि नगर की सांस्कृतिक आत्मा है, जिसने पीढ़ियों को जोड़े रखा है। गीदम का सार्वजनिक गणेशोत्सव यहां के सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक है। शहर के वरिष्ठ नागरिक विमल सुराना बताते हैं कि एक दाैर में गणेशोत्सव के समय गीदम का कला मंच पूरे बस्तर संभाग में प्रसिद्ध था। जगदलपुर, दंतेवाड़ा, बारसूर और अन्य स्थानों से कलाकार यहां प्रस्तुति देने के लिए आते थे।

सार्वजनिक गणेशोत्सव समिति के अध्यक्ष अजय अवस्थी ने बताया कि आज एक सितंबर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों क शुरुआत हो रही है।पहले दिन आस्था गुरुकुल,कस्तूरबा गांधी विद्यालय, संगीत महाविद्यालय,माध्यमिक शाला माधव पारा, 2 सितंबर को भजन संध्या और कीर्तन प्रतियोगिता, बच्चों की नृत्य एवं गायन प्रतियोगिता होगी। 3 सितंबर को लोकगीत, नाटक और लोकनृत्य प्रस्तुतियां,नगर के उभरते कलाकारों का सम्मान, 4 सितंबर को विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति अजय डांसिंग ग्रुप,माध्यमिक शाला माहंगु पारा, कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला गीदम की प्रस्तुतियां और 5 सितंबर को सामूहिक भजन संध्या और भव्य आरती का आयोजन होगा। अजय अवस्थी ने नगरवासियों से आग्रह किया है, कि सपरिवार पधारकर भगवान श्रीगणेशजी का आशीर्वाद लें और बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करें।

Top