Logo
Header
img

मुंबई के पांच स्थानों पर लगेंगे एअर प्यूरिफायर प्लांट

मुंबई, 03 फरवरी (हि.स.)। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बढ़ते प्रदूषण को कम करने के लिए पांच स्थानों पर एअर प्यूरिफायर प्लांट स्थापित किए जाएंगे। इस संबंध में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मनपा आयुक्त इकबाल सिंह चहल को निर्देश दिया है। स्वच्छ, सुंदर, प्रदूषण मुक्त मुंबई की संकल्पना के तहत महानगर में पांच स्थानों पर एअर प्यूरिफायर प्लांट स्थापित करने का निर्णय लिया जा चुका है। यह परियोजना अब स्वीकृति के अंतिम चरण में है। इसके लिए दस करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। मुंबई मनपा शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए पांच महत्वपूर्ण ट्रैफिक जंक्शनों पर एयर प्यूरिफायर स्थापित करने की एक महत्वाकांक्षी योजना को लागू करेगी। शुरुआत में दहिसर टोल नाका, मुलुंड चेक नाका, अमरमहल जंक्शन, कलानगर जंक्शन और वर्ली जंक्शन को चुना गया है। इन जगहों पर लगाई जाने वाली प्यूरिफायर मशीन सक्शन पंप की मदद से हवा को सोख लेगी। इसके बाद हवा को फिल्टर किया जाएगा। फिल्टर की गई हवा वापस वातावरण में छोड़ी जाएगी। इससे हवा में मौजूद बैक्टीरिया भी नष्ट हो जाएगी। क्षेत्र में हवा की गुणवत्ता में सुधार होगा। मुंबई व उपनगरों में वायु गुणवत्ता बिगड़ने के कारण प्रदूषण में भारी वृद्धि हुई है। यह स्थिति पिछले एक महीने से बनी हुई है। हवा की गुणवत्ता दिल्ली से भी ज्यादा खराब हो गई है नतीजतन मुंबई में सांस की बीमारियां बढ़ रही हैं। इसलिए हर स्तर से मांग हो रही है कि सरकार बढ़ते प्रदूषण को लेकर कोई ठोस फैसला ले। मुख्यमंत्री ने मनपा आयुक्त को दिल्ली, गुड़गांव और लखनऊ की तर्ज पर मुंबई में एयर प्यूरिफायर प्लांट स्थापित करने का निर्देश दिया है।
Top