मध्य प्रदेश में बर्फबारी और उत्तरी हवाओं ने बढ़ाई ठंड
भोपाल, 21 नवंबर (हि.स.)। हिमालय क्षेत्र में हो रही बर्फबारी और उत्तर की ओर से आ रही हवाओं के चलते मध्य प्रदेश में ठंड अब अपना रंग दिखाने लगी है। पिछले 24 घंटे में सबसे कम न्यूनतम तापमान खजुराहो में छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने जबलपुर, बैतूल, खरगोन, सिवनी और छतरपुर में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। 25 नवंबर के बाद प्रदेश में कड़ाके की सर्दी पड़ सकती है।
प्रदेश में रात का औसत तापमान 10 डिग्री या उससे नीचे आ गया है। खजुराहो और पचमढ़ी समेत कहीं कहीं यह छह डिग्री पर आ गया है। जबकि दिन में यह 20 डिग्री तक आ गया है। बीते 24 घंटों में सबसे सर्द दिन पचमढ़ी में रहा जहां दिन का न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में दिन का तापमान 25 से 27 के बीच रहा। जबलपुर में यह 25.5 डिग्री सेल्सियस भोपाल में 26.3 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में 27.4 डिग्री सेल्सियस और इंदौर में 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मैदानी इलाकों में तेजी से तापमान गिर रहे हैं। सबसे सर्द रात वाले इलाकों में बैतूल, खरगोन, पचमढ़ी, ग्वालियर, दतिया और रायसेन रहे। पचमढ़ी, रायसेन, बैतूल और नरसिंहपुर में दिन का पारा 25 डिग्री और कहीं कहीं उससे नीचे आ गया।