Logo
Header
img

शव के साथ आक्रोशित लोगों ने थाने का किया घेराव

रांची, 31 दिसम्बर (हि.स.)। बुढ़मू थाना क्षेत्र के मक्का गांव में मारपीट में घायल बलराम यादव की इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गयी। बलराम की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार देर रात शव के साथ बुढ़मू थाने का घेराव किया और मारपीट के आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। आक्रोशित लोगों ने थाना प्रभारी पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। पुलिस आरोपितों को बचा रही है। ग्रामीणों का कहना था कि पूनम देवी के घर में शराब पिलाकर चुरामन साहू और चंद्रदेव साहू ने बलराम के साथ मारपीट कर फेंक दिया। इलाज के दौरान भगवान की मौत हो गई। आक्रोशित लोग सभी आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया की पीड़ित के परिजनों ने चुरामन साहू के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। नामजद आरोपित को 22 दिसंबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इस घटना के अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर कार्रवाई की जा रही है। शीघ्र गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद आक्रोशित ग्रामीण वहां से हटे। उल्लेखनीय है कि बीते 20 दिसंबर को दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना घटी थी। इस घटना में गंभीर रूप से बलराम यादव घायल हो गए थे। इलाज के दौरान शुक्रवार रात को उनकी मौत हो गई थी।
Top