अशोक सिंघल की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री माझी, केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम और सांसद प्रधान ने दी श्रद्धांजलि
भुवनेश्वर, 17 नवंबर (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष एवं श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख प्रेरणास्रोत अशोक सिंघल की पुण्यतिथि पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम और संबलपुर के सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में अशोक सिंघल को प्रखर राष्ट्रवादी और श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख प्रेरणास्रोतों में से एक बताते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने अपने संदेश में कहा कि अशोक सिंघल ने राष्ट्रसेवा और सामाजिक समरसता के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया था। उनका त्याग, समर्पण और राष्ट्र के प्रति अटूट निष्ठा सभी को सदैव प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने अशोक सिंघल को नमन करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
वहीं संबलपुर के सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने और भव्य राम मंदिर के स्वप्न को साकार करने के लिए अशोक सिंघल का आजीवन संघर्ष, अटूट संकल्प और समर्पण हमेशा स्मरण किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धेय अशोक सिंघल को कोटि-कोटि नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।