नई दिल्ली, 18 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस के असम चुनाव प्रभारी एवं कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बुधवार को कहा कि प्रद्युत बोरदोलोई जैसे निष्ठावान नेता का पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होना उनके लिए आश्चर्यजनक है।
शिवकुमार ने पत्रकारों से कहा, "कांग्रेस के एक वफादार नेता का पार्टी छोड़ना हमारे लिए हैरानी की बात है। मैंने उनसे बात करने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह निर्णय ले चुके थे। हमें इसकी उम्मीद नहीं थी।"
बोरदोलोई असम के नागांव लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के सांसद के रूप में निर्वाचित हुए थे। उन्होंने आज दोपहर को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली।
शिवकुमार ने कहा कि पिछले एक महीने में इस तरह की यह दूसरी घटना है। वर्तमान विधायक और वरिष्ठ नेताओं का पार्टी छोड़ना निश्चित रूप से नुकसानदायक है, लेकिन असम में कांग्रेस मजबूत है। इसका कितना असर पड़ेगा, यह हमें पता है लेकिन असम की जनता बदलाव चाहती है। हम निश्चित रूप से राज्य में जीत दर्ज करेंगे।
शिवकुमार ने कहा कि इस मुद्दे पर पार्टी मुख्यालय में जल्द ही एक महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है, जिसमें आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।