बलिया, 08 मई (हि.स.)। महिला सुरक्षा को लेकर दिल्ली गैंगरेप की शिकार 'निर्भया' के गांव की लड़कियों ने बीड़ा उठाया है कि अब दूसरी कोई 'निर्भया' न हो। रेड ब्रिगेड की ये लड़कियां स्कूलों में जा कर छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखा रही हैं।
रेड ब्रिगेड की टीम की दो सदस्य गुरूवार को स्वामी सहजानन्द इंटर कॉलेज में पहुंची थीं। यहां रेड ब्रिगेड की प्रीती कुमारी वह सपना यादव ने छठवीं कक्षा से लेकर बारहवीं कक्षा तक की छात्राओं को यह सिखाया कि किस प्रकार से अपनी सुरक्षा करनी है। शुक्रवार रेड ब्रिगेड ने सर्वजन कल्याण बालिका विद्यापीठ सोहांव की छात्राओं को ट्रेनिंग दिया।
ट्रेनिंग देने वाली प्रीती कुमारी ने लड़कियों को शारीरिक मजबूती के साथ-साथ मानसिक ताकत बढाने पर भी जोर दिया। घर, स्कूल या कहीं भी किसी प्रकार की विपत्ति आने पर कैसी प्रतिक्रिया करनी है, इसको लेकर बच्चियों को जागरूक किया। रेड ब्रिगेड की प्रीती कुमारी ने कहा कि 2012 में हमारे गांव की बेटी निर्भया के साथ दिल्ली में जो कुछ भी हुआ, अब वैसा न हो, इसके लिए हमलोग नई पीढ़ी की लड़कियों को जागरूक कर रहे हैं। कहा कि निर्भया कांड के वक़्त मैं बहुत छोटी थी। गांव में बड़े-बड़े लोगों का आना जाना देखते थे। लेकिन बड़े होने पर जब पूरी हकीकत समझ में आयी तो मन में एक संकल्प लिया। इसी बीच रेड ब्रिगेड ट्रस्ट के लोग हमारे गांव आये। उनके द्वारा महिला सुरक्षा की दिशा में किए गए कार्यों ने बहुत प्रभावित किया। यही वजह रही कि मैं भी जुड़ गयी। आज तक़रीबन तीस लड़कियां रेड ब्रिगेड से जुड़ कर समाज में महिलाओं को आत्मरक्षा करना सिखा रही हैं। कहा कि सबसे जरूरी किशोरवय लड़कियों को जागरूक करना है। उन्हे घर के बाहर के खतरों से ही नहीं, बल्कि घर के अंदर भी सतर्क रहने की कला सिखानी है।