नई दिल्ली में भूपेन हजारिका की जन्मशताब्दी का समापन समारोह आयोजित करने के फैसले का भाजपा ने किया स्वागत
गुवाहाटी, 06 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), असम प्रदेश ने भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की जन्मशताब्दी समारोह का भव्य समापन आगामी 29 नवंबर को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित करने के असम सरकार के फैसले का स्वागत किया है। पार्टी ने इसे सुधाकंठ के सार्वभौमिक आदर्शों और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
शुक्रवार को जारी एक बयान में भाजपा ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व वाली असम सरकार को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि डॉ. भूपेन हजारिका केवल असम के सांस्कृतिक प्रतीक नहीं थे, बल्कि वे पूरे भारत और विश्व मानवता की अमूल्य धरोहर थे।
पार्टी के अनुसार, उनके गीतों में मानवतावाद, समानता, सद्भाव, भाईचारे और वैश्विक एकता का संदेश निहित था। जन्मशताब्दी समारोह का समापन राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित करने से उनके विचारों और कालजयी रचनाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शामिल होंगे और प्रख्यात पार्श्व गायिका ऊषा मंगेशकर को पहली बार प्रदान किया जाने वाला 'डॉ. भूपेन हजारिका राष्ट्रीय पुरस्कार' प्रदान करेंगे। भाजपा ने कहा कि इस पुरस्कार की शुरुआत से सुधाकंठ के असाधारण सांस्कृतिक योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सम्मान एवं पहचान मिलेगी।
भाजपा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में असम की भाषा, साहित्य, संगीत, कला और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। जन्मशताब्दी समारोह का समापन देश की राजधानी में आयोजित करने का निर्णय इसी सांस्कृतिक पहचान का एक उदाहरण है।
इस समारोह में देश के प्रमुख संगीत कलाकारों के साथ असम के प्रतिष्ठित कलाकार भी हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण असम से जाने वाले 1,000 कलाकारों की सामूहिक प्रस्तुति होगी। ये कलाकार भूपेन हजारिका के लोकप्रिय गीत 'मनुहे मनुहर बाबे' और 'वी आर इन द सेम बोट ब्रदर' प्रस्तुत करेंगे।
पार्टी ने समारोह में शामिल होने के लिए असम के 1,000 विद्यार्थियों को विशेष रेलगाड़ी से नई दिल्ली ले जाने की राज्य सरकार की व्यवस्था की भी सराहना की। भाजपा के अनुसार, इससे नई पीढ़ी को महान कलाकार के जीवन, संगीत साधना और मानवतावादी विचारधारा को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
इसके अलावा, आम नागरिकों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नि:शुल्क ई-आमंत्रण पत्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष पोर्टल शुरू करने के फैसले का भी स्वागत किया गया है। पार्टी ने कहा कि इस सुविधा से देश-विदेश में रहने वाले भूपेन हजारिका के प्रशंसक समारोह में भाग ले सकेंगे।
भाजपा ने कहा कि डॉ. भूपेन हजारिका की जन्मशताब्दी का आयोजन केवल महान कलाकार को श्रद्धांजलि देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह असम की सांस्कृतिक पहचान, गौरव और ऐतिहासिक योगदान को विश्व पटल पर प्रस्तुत करने का भी एक महत्वपूर्ण अवसर है।
पार्टी ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में आयोजित होने वाला यह समारोह असम के सांस्कृतिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय साबित होगा। साथ ही, भाजपा ने सभी वर्गों के लोगों से इस आयोजन में भाग लेने और सुधाकंठ की अमर रचनाओं तथा मानवतावादी आदर्शों को विश्व के कोने-कोने तक पहुंचाने के प्रयास में सहयोग करने की अपील की।