नई दिल्ली, 26 दिसंबर (हि.स.)। कांग्रेस ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भारत जोड़ो यात्रा की सफलता से डरी हुई है। इसलिए यात्रा को लेकर कई तरह के झूठ फैला रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में एक प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि भाजपा नेता कहते थे कि राहुल गांधी क्रिसमस की छुट्टी मनाने विदेश जाएंगे। लेकिन आज कड़ाके की ठंड में जब भाजपा नेता कंबल ओढ़कर भारत तोड़ने में लगे थे, तब राहुल गांधी महापुरुषों की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे थे।
सुप्रिया ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा जब से शुरु हुई तभी से भाजपा के लोग परेशान हैं। जब यात्रा शुरु हुई तो इन लोगों ने कहा कि यात्रियों के कैंटेनर लग्जरी हैं। जबकि ऐसा कुछ नहीं है। सभी कैंटेनर सामान्य हैं। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने झूठ बोला कि यात्रा शुरु करने से पहले राहुल गांधी स्वामी विवेकानंद को नमन करने नहीं पहुंचे थे। जबकि राहुल गांधी ने कन्याकुमारी में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा की परिक्रमा कर यात्रा शुरु की थी।
सुप्रिया ने कहा कि भाजपा के लोग यह झूठ फैलाते रहे कि राहुल गांधी प्रेसवार्ता नहीं करते। जबकि वह अभी तक आठ प्रेसवार्ता कर चुके हैं और आगे भी करेंगे।