भाजपा के उत्तर बंगाल बंद के आह्वान का व्यापक असर
कोलकाता, 28 अप्रैल कालियागंज कांड के विरोध में शुक्रवार को भाजपा के आह्वान पर उत्तर बंगाल हड़ताल का व्यापक असर सुबह से ही दिख रहा है। बाजार दुकान बंद है। सड़कें सूनी हैं। कूचबिहार में बंद समर्थकों की पुलिस से धक्का-मुक्की हुई जिसके चलते पुलिस ने करीब 20 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया। भाजपा ने बंद के समर्थन में शुक्रवार सुबह कूचबिहार शहर के विभिन्न इलाकों से जुलूस निकाला। जुलूस के उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम के बस अड्डे पर पहुंचने के बाद बंद समर्थकों ने सरकारी बसों को रोक कर विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि जब पुलिस ने आकर उन्हें रोका तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस से धक्का मुक्की शुरू कर दी। उसके बाद पुलिस ने बीस प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया। बंद को रोकने के लिए प्रशासन ने सक्रिय भूमिका निभाई है।
बंद समर्थकों पर सरकारी बसों पर पथराव करने का भी आरोप लगाया गया है। शुक्रवार सुबह बरोबिशा रूट पर एक सरकारी बस कूचबिहार से अलीपुरद्वार जा रही थी। आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने बस पर पथराव किया और शीशे तोड़ दिए। उस समय यात्री बस के अंदर थे। इसके बाद घबराए यात्री बस से उतरे। सुबह नौ बजे खबर लिखे जाने पर विभिन्न क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन और सड़क जाम चल रहा है। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश