Logo
Header
img

श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस से उनकी जयंती तक चलेगा प्रदेश भाजपा का पौधरोपण कार्यक्रम

रांची, 22 जून (हि.स.)। प्रदेश भाजपा लोकसभा चुनाव के बाद सांगठनिक कार्यक्रमों और विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। प्रदेश कार्यालय में शनिवार को पार्टी की ओर से आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारी के लिए बैठक हुई। इसमें प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद आदित्य साहू, डॉ प्रदीप वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, आरती कुजूर, प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह, सरोज सिंह सहित अन्य शामिल हुए।

विभिन्न कार्यक्रमों के लिए राफिया नाज, गुरविंदर सेठी, प्रेम मित्तल, प्रदीप सिन्हा, दीनदयाल वर्णवाल, राजश्री जयंती, कुमार अमित, विनय जायसवाल, मुनेश्वर साहू, राकेश भास्कर, सत्यदेव मुंडा, शोभा यादव, उमेश रंजन साहू, सत्यनारायण सिंह, शशि भूषण भगत, सुमन कुमार को जिम्मेवारी दी गई। प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रमों के संबंध में आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा के प्रेरणास्रोत डॉ श्यामाप्रसाद मुखर्जी के शहादत दिवस 23 जून से लेकर उनकी जयंती छह जुलाई तक पार्टी द्वारा बूथ स्तर पर एक वृक्ष मां के नाम कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश में भाजपा द्वारा राज्य के सभी बूथों तक लाखों की संख्या में पौधरोपण होगा। साहू ने कहा कि इसके अतिरिक्त 25 जून को आपातकाल की याद में काला दिवस, 30 जून को मन की बात जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

कार्यक्रम के तहत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी 23 जून को 7.30 बजे प्रातः सिदो कान्हु पार्क मोरहाबादी में, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी एवं विधायक विरांची नारायण, अनंत ओझा, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, धुर्वा में, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, विधायक नवीन जायसवाल अरगोड़ा पार्क में, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, सांसद दीपक प्रकाश, राकेश भास्कर, शोभा यादव, श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क हरमू में, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद आदित्य साहू कुचु ओरमांझी में, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ शहीद संकल्प पार्क मोरहाबादी में, विधायक सीपी सिंह चुटिया में शाम पांच बजे, समरी लाल बरियातू में 11 बजे पूर्वाह्न पौधरोपण करेंगे।

साहू ने कहा कि प्रदेश चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, सह प्रभारी एवं असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शरमा सहित प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित प्रदेश से लेकर बूथ तक कार्यकर्ता पौधरोपण करेंगे।

साहू ने कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 23 जून को सुबह नौ बजे परिसर में पौधरोपण करेंगे। विभागीय बैठक के बाद शिवराज सिंह 11 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर पार्टी की बैठकों में भाग लेंगे। हेमंत विश्व शरमा 23 जून को रांची पहुंचेंगे। वे 9.30 बजे लीची बागान, जगन्नाथपुर में पौधरोपण करेंगे। विश्व शरमा कार्यक्रम के बाद प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे और बैठक में शामिल होंगे।

Top