Logo
Header
img

मुर्शिदाबाद में बस दुर्घटना, चालक की मौत

मुर्शिदाबाद, 27 दिसंबर (हि.स.)। मुर्शिदाबाद के दौलताबाद में भीषण बस हादसे में बस चालक की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। घटना बहरामपुर जलांगी स्टेट हाइवे पर मंगलवार की सुबह सात बजे घटी। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक सुबह से ही चारों ओर घने कोहरे की चादर छाई हुई थी। दृश्यता पहले से ही कम थी। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कोहरे में भी बस की गति सामान्य से काफी अधिक थी। इस दौरान बस चालक ने एक कार को पास देने की कोशिश की। इस दौरान बस विपरीत दिशा से आ रही एक माल वाहक लॉरी में जा घुसी। बस और लॉरी के आगे के हिस्से बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। ज्यादातर यात्री बस के अंदर फंस गए। कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज आवाज सुन स्थानीय लोग दौड़े आए। सबसे पहले स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर दौलताबाद थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। बस का आगे का हिस्सा काट कर चालक को बाहर निकाला गया। एक-एक करके बस यात्रियों को निकाल कर मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि कई लोगों की हालत गंभीर है। खबर है कि उन्हें कोलकाता शिफ्ट किया जा सकता है। पुलिस घायलों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। सुबह सात बजे हुए भीषण बस हादसे ने जलंगी स्टेट हाइवे पर भी भीषण जाम लग गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया जा रहा है। पुलिस ट्रैफिक नियंत्रित कर रही है।
Top