कानपुर, 02 सितम्बर (हि.स.)। मानसून की ट्रफ रेखा हिमालय की तलहटी में पहुंचने उत्तर प्रदेश में बीते कई दिनों से खुलकर बारिश नहीं हुई। वहीं पश्चिमी हवाओं के चलने से तापमान भी सामान्य से अधिक चल रहा है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि अब बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो रहा है, जिससे उत्तर प्रदेश में आगामी पांच दिनों तक बारिश के आसार बढ़ गए हैं।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शनिवार को बताया कि मानसून ट्रफ हिमालय की तलहटी के करीब चल रही है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वोत्तर और पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी के आसपास के हिस्सों पर बना हुआ है जो मध्य-क्षोभमंडल स्तर तक फैला हुआ है। तीन सितंबर के आसपास उत्तर पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में एक ताजा चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित होने की संभावना है। इससे एक बार फिर उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय होने के आसार हैं और तीन सितम्बर से लेकर सात सितम्बर तक पूर्वी उत्तर से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना है।
बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 36.4 और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 75 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 49 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 7.2 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के कारण छह से आठ सितम्बर के मध्य हल्की बारिश होने की संभावना है।