Logo
Header
img

चंडीगढ़ नगर निगम में आठवें साल भी भाजपा का कब्जा

चंडीगढ़, 17 जनवरी (हि.स.)। चंडीगढ़ नगर निगम में मेयर पद पर एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी का कब्जा हो गया है। सांसद किरण खेर की एक वोट के बल पर भाजपा ने यहां मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर तथा डिप्टी मेयर के पदों पर कब्जा किया है। कांग्रेस तथा शिरोमणि अकाली दल के पार्षदों ने इस चुनाव का बहिष्कार करते हुए भाग नहीं लिया। चंडीगढ़ में मेयर का कार्यकाल एक साल का होता है। यहां कुल 35 सीटों में से वर्तमान में भाजपा के पास 14, आम आदमी पार्टी के पास 14, कांग्रेस के पास छह तथा शिरोमणि अकाली दल के पास एक पार्षद है। यहां एक वोट सांसद का है। इस वर्ष मेयर पद के लिए भाजपा ने अनूप गुप्ता तथा आम आदमी पार्टी ने जसबीर सिंह को उतारा। भाजपा के अनूप गुप्ता को 15 तो आम आदमी पार्टी के जसबीर सिंह को 14 वोट मिले। एक वोट के अंतर से भाजपा ने मेयर पद का चुनाव जीत लिया। इसी प्रकार सीनियर डिप्टी मेयर के लिए भाजपा के कंवरपाल राणा व आप की तरुणा मेहता के बीच मुकाबला था। इस पद पर भी भाजपा के कंवरपाल राणा को जीत मिली। उधर, डिप्टी मेयर पद के लिए भाजपा के हरजीत सिंह ने आप की सुमन सिंह को हरा दिया। निगम कार्यालय में आज सुबह 11 बजे चुनाव प्रक्रिया शुरू होते ही आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने नामजद पार्षदों के हाल में बैठने को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। आप पार्षदों का आरोप था कि नामजद पार्षदों को यहां बिठाने से चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं होगी। इसे लेकर काफी देर हंगामा चलता रहा। निर्वाचन अधिकारी द्वारा रूल बुक दिखाए जाने के बाद मेयर पद के लिए चुनाव शुरू हुआ। सबसे पहला वोट चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर ने डाला। उसके बाद अन्य पार्षदों ने वोट डाले। वोट डालते समय आप के पार्षदों ने बैलेट पेपर पर स्याही लगे होने का तर्क देते हुए विरोध जताया। बाक्स--- आठवें साल भी भाजपा का कब्जा बरकरार चंडीगढ़ नगर निगम में लगातार आठवें साल भारतीय जनता पार्टी ने अपना मेयर बनाया है। साल 2015 के बाद से कांग्रेस का कोई भी मेयर नहीं बन पाया है। भाजपा वर्ष 2016 से लगातार मेयर बनाती आ रही है। यहां पिछले साल हुए आम मतदान में भाजपा व आप दोनों को एक समान सीटें मिली थी। विपक्ष में बैठकर उठाएंगे मुद्दे चुनाव प्रक्रिया का बहिष्कार करने वाली कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि पिछली बार की तरह इस बार भी कांग्रेस मेयर चुनाव से वॉकआउट कर चुकी है। कांग्रेस ने साफ किया है कि वह विपक्ष में बैठ कर शहर की जनता के मुद्दों को उठाती रहेगी। पार्टी के सभी छह पार्षद शहर से बाहर हैं। किरण खेर बोली, शहर के विकास को हों एकजुट चंडीगढ़ नगर निगम में मेयर समेत तीनों पदों पर भाजपा के काबिज होने के बाद सांसद किरण खेर ने नई टीम को बधाई देते हुए कहा कि बगैर किसी भेदभाव के शहर का विकास करवाएं। शहर के विकास में केंद्र सरकार द्वारा हरसंभव मदद की जाएगी। खेर ने सभी पार्षदों को विकास के नाम पर एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि नए साल में शहर के लिए नई विकास योजनाओं को लागू किया जाए।
Top