Logo
Header
img

कड़ाके की ठंड के चलते भोपाल में स्कूल के समय में परिवर्तन

भोपाल, 3 जनवरी (हि.स.)। राजधानी भोपाल में पड़ रही कड़ाके की ठंड को देखते हुए कलेक्टर अविनाश लवानिया ने सभी स्कूलों के समय में संशोधन के आदेश जारी किए हैं। भोपाल के सभी शासकीय, आशासकीय स्कूल और आंगनवाड़ी केन्द्र अब सुबह साढ़े नौ बजे से ही शुरू होंगे। इसके अलावा प्रदेश के अन्य कई जिलों में भी कलेक्टरों द्वारा ठंड के प्रकोप को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया है। कलेक्टर अविनाश लवानिया ने बताया कि सिंगल शिफ्ट में चलने वाले स्कूल सुबह साढ़े नौ बजे से और जिन स्कूलों में 2 शिफ्ट में कक्षाएं लगती हैं वह स्कूल सुबह नौ बजे से शुरू होंगे। यह आदेश सभी स्कूलों पर आज मंगलवार से ही लागू होगा। वहीं एमपी बोर्ड की अद्र्धवार्षिक परीक्षाओं का समय भी बदल दिया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने 9वीं से लेकर 12वीं क्लास की परीक्षाओं का समय बदल दिया है। पहली शिफ्ट में पहले सुबह 8 बजे से परीक्षा होनी थी, इसे बढ़ाकर 9 बजे कर दिया गया है। दूसरी शिफ्ट में सुबह 11.15 बजे होने वाले एग्जाम का टाइम बढ़ाकर दोपहर 1 बजे कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि पिछले दो दिनों से राजधानी भोपाल में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मंगलवार को भी सुबह पूरा शहर कोहरे के आगोश रहा। यहां विजिबिलिटी महज 50 मीटर तक रह गई। घने कोहरे का असर हवाई सेवाओं पर भई देखा गया। घने कोहरे की वजह से राजाभोज एयरपोर्ट पर एक भी फ्लाइट नहीं आ सकी। इण्डिगो की दिल्ली से आने वाली फ्लाइट एयर इंडिया की दिल्ली मुंबई से भोपाल आने वाली फ्लाइट्स भी उड़ान नहीं भर सकी। इन फ्लाइट्स को सुबह 5.45 पर उड़ान भरनी थी, लेकिन विजिबिलिटी कम होने के कारण फ्लाइट्स में देर हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक प्रदेश का मौसम ऐसा ही बना रहेगा। आगामी दो दिनों में प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश भी दर्ज की जा सकती है। दूसरे जिलों में भी स्कूलों में हुआ समय परिवर्तन प्रदेश के दसरे जिलों में भी स्कूलों के समय में परिवर्तन किया गया है। शिवपुरी में कक्षा आठवीं तक की छुट्टी कर दी गई है। शिवपुरी कलेक्टर ने 4 जनवरी से 7 जनवरी तक सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल बंद रखने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा सागर में सुबह 9.30 बजे स्कूल लगेंगे। रीवा में पांचवी कक्षा तक के स्कूल सुबह 10.30 बजे से लगेंगे। भिंड में एक हफ्ते पहले ही स्कूल टाइम सुबह 10.30 बजे किया जा चुका है। सीधी और सतना में भी नर्सरी से कक्षा पांचवी तक के स्कूल का समय सुबह 10 बजे कर दिया गया है। विदिशा में पांचवी तक के स्कूल सुबह 9.30 बजे से शुरू होंगे।
Top