Logo
Header
img

मुख्यमंत्री ने पटना के गंगा घाटों का किया निरीक्षण

पटना, 15 अक्टूबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को पटना के विभिन्न गंगा घाटों का निरीक्षण किया और संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने पटना के नासरीगंज घाट, पटना सिटी घाट, भद्र घाट, महेंद्रु घाट समेत कई घाटों का निरीक्षण किया और घाटों पर जिला प्रशासन की तरफ से की जा रही तैयारियों का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को छठ घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने और घाटों की साफ सफाई और लाइटिंग की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश अधिकारियों को दिया। इस बार छठ घाटों पर सीसीटीवी के साथ गंगा के जलस्तर को देखते हुए नेट की भी व्यवस्था की जाएगी।

इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ जल संसाधन विभाग के मंत्री संजय कुमार झा सहित विभाग के कई अधिकारी मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि छठ महापर्व इसी माह 28 से शुरू होगा और 31 अक्टूबर तक चलेगा। छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। जिला प्रशासन की तरफ से खतरनाक घाटों को चिन्हित किया जा रहा है। जलस्तर बढ़ने के कारण छठ घाटों पर गंगा का पानी है। ऐसे में इस बार छठ पर्व के दौरान विशेष सावधानी बरती जा रही है। गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने के वजह से इस बार घाटों की संख्या में कमी होने की संभावना जतायी जा रही है।

Top