Logo
Header
img

कांग्रेस का काम आग लगाना: अमित शाह

शिमला, 15 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के सतौन में शनिवार को भाजपा की हाटी आभार रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि सिरमौर जिले के गिरीपार क्षेत्र को जनजातीय दर्जा देने के मोदी सरकार के फैसले को कांग्रेस पचा नहीं पा रही है और इस मुद्दे पर आग लगाने का काम कर रही है। कांग्रेस द्वारा अनुसूचित जाति के लोगों में भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। दलितों को उकसाया जा रहा है।

अमित शाह ने स्पष्ट किया कि हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा मिलने से अनुसूचित जाति के लोगों का अधिकार नहीं छिनेगा। अमित शाह बोले, `मैंने पेन से लिखकर दलितों के हितों को सुरक्षित किया है।'

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का काम झगड़ा करवाना है और इस मुद्दे पर कांग्रेस लोगों को भ्रमित कर आग लगाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आग लगाने का काम करती है, तो मोदी सरकार विकास को तवज्जो देती है।

अमित शाह ने कहा कि हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा मिलने से गिरीपार क्षेत्र के बाशिंदों का 55 वर्ष का लंबा संघर्ष खत्म हुआ है। इससे जिले की 154 पंचायतों के 379 गांव लाभान्वित होंगे। यहां के लोगों को शिक्षा, रोजगार इत्यादि में आरक्षण मिलेगा तथा आनेवाली 25 पुश्तें इसका फायदा उठाएंगी।

अमित शाह ने कहा कि डबल इंजन की सरकार हिमाचल को बुलंदियों के शिखर पर ले जा रही है। उत्तराखंड की तरह अब यहां भी रिवाज बदलेगा और भाजपा एक बार फिर दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी।

उन्होंने कहा कि लोग डबल इंजन सरकार के फायदे देख चुके हैं। प्रधानमंत्री मोदी का हिमाचल प्रदेश से अपनत्व है। मोदी हिमाचल को अपना दूसरा घर मानते हैं और इस प्रदेश के लोगों की पीड़ा समझते हैं। उन्होंने हिमाचल को एम्स, बल्क फार्मा पार्क, डिवाइस पार्क इत्यादि हजारों करोड़ रुपये के बड़े प्रोजेक्ट की सौगात दी हैं।

अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्रियों शांता कुमार और प्रेम कुमार धूमल का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि इन्होंने प्रदेश में विकास की राह को प्रशस्त किया है और वर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विकास को तेज गति से बढ़ाने का काम किया।

उन्होंने कहा कि आज हिमाचल के दुर्गम जिलों लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा में नल से जल पहुंचाने का काम शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। आयुष्मान भारत योजना के तहत अस्पतालों में लोगों का पांच लाख तक का इलाज मुफ्त हो रहा है।

कांग्रेस पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने अपने परिवार का भला करने का काम किया है। वहीं, भाजपा जनता का भला कर रही है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा राजनीति में परिवार को खत्म करने की ओर बढ़ रही है, जबकि कांग्रेस में परिवारवाद हावी है।

Top