कांग्रेस का देशव्यापी संविधान रक्षा मार्च कल
नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस ने मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ी और मताधिकार से वंचित किए जाने के आरोप पर 26 नवंबर को संविधान दिवस पर देशभर में ‘संविधान रक्षा मार्च’ की घोषणा की है।
पार्टी महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने मंगलवार को बयान में कहा कि सभी प्रदेश कांग्रेस समितियां अपने-अपने राज्यों में बड़े स्तर पर मार्च आयोजित करेंगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे लखनऊ में मार्च में शामिल होंगे। पार्टी ने छात्रों, युवाओं, किसानों, श्रमिकों, महिलाओं, दलितों, आदिवासियों, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक समुदायों और नागरिक समाज के लोगों से शामिल होने की अपील की है।
वेणुगोपाल ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश के सामने वोट चोरी के दस्तावेजी साक्ष्य रखे हैं। उन्होंने कर्नाटक के महादेवपुरा में फर्जी और दोहरी प्रविष्टियों, आलंद में हजारों वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाने के सुनियोजित प्रयासों तथा हरियाणा और अन्य राज्यों में गंभीर अनियमितताओं का उल्लेख किया। ये घटनाएं मतदाता सूचियों में बड़े स्तर पर हेरफेर की ओर संकेत करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष जांच कराने के बजाय इन निष्कर्षों को खारिज कर दिया। नेता प्रतिपक्ष से हलफनामा मांगा और जांच एजेंसियों की ओर से मांगी गई जानकारी भी साझा नहीं की।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले आयोग ने मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) शुरू किया । दूसरे चरण में यह प्रक्रिया 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों तथा तीसरे चरण में 16 राज्यों और तीन केंद्रशासित प्रदेशों तक पहुंच गई। इसका घोषित उद्देश्य मतदाता सूचियों को शुद्ध करना है, लेकिन इसका असर नागरिकों को अपनी पात्रता साबित करने के लिए मजबूर करने के रूप में सामने आ रहा है।
वेणुगोपाल ने दावा किया कि बिहार की मसौदा मतदाता सूची से ही 65 लाख से अधिक नाम हटाए गए हैं और तीनों चरणों में हटाए गए नामों की संख्या 13 करोड़ से अधिक होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से गरीबों, दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों, प्रवासी श्रमिकों और शादी के बाद घर बदलने वाली महिलाओं के प्रभावित होने का सबसे अधिक खतरा है। ये वही वर्ग हैं, जिन्हें डॉ. भीमराव आंबेडकर और महात्मा गांधी ने अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष किया था। वेणुगोपाल ने निर्वाचन आयोग की स्वतंत्रता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आयोग की मौजूदा स्थिति समझौताग्रस्त है।
वेणुगोपाल ने बताया कि ‘संविधान रक्षा मार्च’ की शुरुआत डॉ. भीमराव आंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रतिमा से होगी। प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता और नागरिक संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करेंगे। इसके बाद संविधान की रक्षा के लिए शपथ ली जाएगी। मार्च के माध्यम से न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई जाएगी।