मप्र: कांग्रेस नेता के बिगड़े बोल, सीएम शिवराज ने कहा- यह विद्वेष की पराकाष्ठा है
भोपाल, 12 दिसंबर (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री राजा पटेरिया द्वारा प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ विवादास्पद बयान देने के बाद मध्य प्रदेश में एक बड़ा राजनीतिक तूफान खड़ा हो गया है।
विवादित बयान देकर पूर्व मंत्री भाजपा नेताओं के निशाने पर आ गए हैं। भाजपा के सभी वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों ने कांग्रेस नेता के बयान की निंदा की है। प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के आदेश पर राजा पटेरिया के खिलाफ मामला भी दर्ज हो गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी कांग्रेस नेता के बयान की आलोचना करते हुए करारा जवाब दिया है।
चौहान ने कांग्रेस नेता राजा पटेरिया के विवादित बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि भारत जोड़ो यात्रा का ढोंग करने वालों की असलियत सामने आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी जनता के दिल में बसते हैं। सम्पूर्ण देश के श्रद्धा व आस्था के केंद्र हैं। मैदान में कांग्रेस के लोग उनसे मुकाबला नहीं कर पाते, इसलिए उनकी हत्या की बात कर रहे हैं। सीएम शिवराज ने बयान की निंदा करते हुए कहा कि यह विद्वेष की पराकाष्ठा व घृणा की अति है। कांग्रेस के असली भाव प्रकट हो रहे हैं। ऐसी चीजों को सहन नहीं किया जाएगा। एफआईआर की जा रही है और कानून अपना काम करेगा।
गौरतलब है कि पूर्व मंत्री राजा पटेरिया रविवार को पन्ना में कांग्रेस के एक कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इसी कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पटेरिया कार्यकर्ताओं से कहते हुए नजर आ रहे हैं कि ‘मोदी चुनाव खत्म कर देगा, मोदी धर्म, जाति, भाषा के आधार पर बांट देगा, दलितों का आदिवासियों का और अल्पसंख्यकों का जीवन खतरे में है। अगर संविधान को बचाना है तो मोदी की हत्या करने के लिए तैयार रहो। यह वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।