Logo
Header
img

कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी में चाहते हैं बदलाव : शशि थरूर

नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी में बदलाव चाह रहे हैं। थरूर ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वह देशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं। इस दौरान वह कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकतर कार्यकर्ता पार्टी में बदलाव चाहते हैं।

थरूर ने कहा कि उनके पास पार्टी को मजबूत बनाने का रोडमैप है। वह पार्टी को नई ऊर्जा देना चाहते हैं। जिससे लोगों का भरोसा एक बार पुन: कांग्रेस के प्रति मजबूत हो सके। अध्यक्ष पद का चुनाव पार्टी को मजबूत बनाने के लिए ही कराया जा रहा है। थरूर ने कांग्रेस मतदाताओं से अधिक से अधिक मतों से जिताने का अनुरोध किया।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 17 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। कांग्रेस मतदाताओं को अपने-अपने पक्ष में मतदान करने के लिए अध्यक्ष पद के दोनों उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर लगाता मतदाताओं से मुलाकात कर रहे हैं। इस संबंध में दोनों नेता देश के विभिन्न राज्यों का दौरा भी कर रहे हैं।

सूत्रों की मानें तो दिलचस्प बात ये है कि उत्तर प्रदेश में खड़गे समर्थकों में टकराव से बचने के लिए पार्टी के बड़े नेताओं ने शशि थरूर को उत्तर प्रदेश जाने से दो बार रोका है। हालांकि, थरूर खेमें के एक समर्थक नेता की मानें तो शशि थरूर जल्द ही उत्तर प्रदेश का भी दौरा करेंगे।

Top