Logo
Header
img

मप्र : मानसून की हुई विदाई, गुलाबी ठंड ने दी दस्तक

भोपाल, 15 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदेश से मानसून की विदाई के बाद अब गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। प्रदेश के कई जिलों में ओस गिरने लगी है, वहीं रात को भी हल्की ठंड लगने लगी है। प्रदेश में रात के औसत तापमान में 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दीपावली के बाद ठंड जोर पकड़ सकती है।

मध्यप्रदेश में बीते 48 घंटे के दौरान रात के तापमान में 4.8 डिग्री की गिरावट हुई। पारा सामान्य से 3 डिग्री नीचे आ गया। 48 घंटे पहले रात का तापमान 21.6 डिग्री दर्ज किया गया था। यह सामान्य से एक डिग्री ज्यादा था। शुक्रवार को रात का तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम 16.8 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल संभाग के रायसेन में रात का तापमान 14.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यदि प्रदेश के आसपास कहीं प्रति चक्रवात बना तो ही अगले 10 दिन के अंतराल में रात का तापमान 3 डिग्री बढ़ सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार दीपावली तक रात के तापमान में तीन या चार डिग्री की और गिरावट हो सकती है।

मध्यप्रदेश में 14 अक्टूबर को मानसून की विदाई हो चुकी है। अब पोस्ट मानसून का सीजन शुरू हो गया है। पाकिस्तान से आने वाली हवाओं और मौसम से नमी खत्म होने से ठंड पड़ने लगती है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि अभी दिवाली तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा। रात को हल्की ठंड और दिन में सूरज की तपिश हल्की गर्मी का एहसास कराएगा। 18 और 19 अक्टूबर को दक्षिण भारत में बारिश होगी। इससे नमी मध्यप्रदेश तक आएगी, लेकिन बारिश नहीं होगी। सिर्फ जबलपुर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। अक्टूबर माह बीते 10 साल में सबसे ज्यादा बारिश वाला रहा है। इससे पहले साल 2013 में अक्टूबर में 4 इंच बारिश हुई थी।

Top