Logo
Header
img

डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर ने पूरी दुनिया को दिशा दिया: मुख्यमंत्री शिंदे

मुंबई, 06 दिसंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर ने पूरी दुनिया को दिशा देने का काम किया है। डॉ. बाबासाहेब के संविधान की वजह से उनके जैसा एक सामान्य परिवार का व्यक्ति मुख्यमंत्री बन सका। बाबासाहेब की भावना थी कि समाज के सभी वर्गों को समान अधिकार और न्याय मिलना चाहिए। राज्य सरकार बाबासाहेब अंबेडकर के विचारों पर काम कर रही है। भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर के 66वां महापरिनिर्वाण दिवस के मौके पर मंगलवार को दादर स्थित चैत्यभूमि में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बाबासाहेब को नमन किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राज्य के राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी ने डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर को नमन किया। मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि हम भारतीय स्वतंत्रता का अमृत जयंती वर्ष मना रहे हैं। इस महापुरुष की वजह से हम पूरी दुनिया में सिर उठा कर बोल रहे हैं। डॉ. अंबेडकर के संविधान ने सबको अधिकार दिए, जीने का अधिकार दिया। महापुरुष इतिहास रचते हैं, लेकिन बाबासाहेब ने अपमानित जीवन जीने वालों को राहत देकर इतिहास बदल दिया। उन्होंने दलितों को सशक्त बनाने के लिए अपने ज्ञान का उपयोग किया। दुनिया भर के शोषितों और पीडि़तों के अधिकारों को वैचारिक और संगठनात्मक ताकत दी। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि इंदु मिल स्मारक को जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा। हमने काम का निरीक्षण और समीक्षा की है। यह दृढ़ संकल्प है कि हमारी सरकार बाबासाहेब के रास्ते पर चलेगी। राजगृह हमारी ऐतिहासिक धरोहर है। शिंदे ने कहा कि लोअर परेल स्थित स्मारक का निरीक्षण किया जाएगा और बाबा साहेब की स्मृति को संरक्षित करने का काम किया जाएगा।
Top