Logo
Header
img

जम्मू-कश्मीर में शुष्क मौसम रहने के साथ ही आंशिक रूप से बादल छाए

जम्मू, 16 नवंबर (हि.स.)। पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर में मौसम आम तौर पर शुष्क रहा। बुधवार को भी शुष्क मौसम रहने के साथ ही आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं। मंगलवार सुबह से ही कभी धूप तो कभी छाव की अटखेलियां जारी हैं। जम्मू कश्मीर में जैसे-जैसे दिन बीतते जा रहे हैं ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से जम्मू संभाग में दिन में तो धूप निकल रही है लेकिन रात में पारा एकदम नीचे चला जाता है जबकि कश्मीर घाटी में शीतलहर ने लोगों को सताना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने भी बुधवार को कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ शुष्क मौसम रहने की संभावना है। इसी बीच श्रीनगर में 2.4, पहलगाम में शुन्य से नीचे 2.4 और गुलमर्ग में शून्य से नीचे 3.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। जम्मू में 11.7, कटरा में 11.2, बटोत में 3.5, बनिहाल में 4.4 और भद्रवाह में 2.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। लद्दाख क्षेत्र के द्रास शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 13.2, कारगिल में शून्य से नीचे 5 और लेह में शून्य से नीचे 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
Top