Logo
Header
img

ऊर्जा मंत्री भाटी ने करणी माता मंदिर में किए दर्शन

बीकानेर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने मंगलवार को देशनोक स्थित करणी माता मंदिर में दर्शन किए तथा प्रदेश में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि करणी मंदिर जन-जन की आस्था का केंद्र है। यहां पूरे देश से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने आसोज नवरात्रि मेले के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन पर मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी। इस दौरान करणी मंदिर ट्रस्ट के गिरिराज सिंह, सुरेंद्र सिंह, वसुदान, छैलू सिंह, पूर्व अध्यक्ष मोहन दान, डॉ. कुलदीप बिट्ठू तथा नगरपालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश मूंधड़ा मौजूद रहे।

ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने मंगलवार को देशनोक के अगुणा मोहल्ला में संचालित इंदिरा रसोई का निरीक्षण किया। इसका संचालन 18 सितंबर को प्रारंभ हुआ था। ऊर्जा मंत्री ने भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया और कहा कि जरूरतमंद व्यक्ति को शुद्ध भोजन मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। इस रसोई का संचालन रामप्रताप हनुमानदास मूंधड़ा चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है। भोजन के लिए आमजन से ली जाने वाली राशि (आठ रुपये) का वहन ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ओम प्रकाश मूंधड़ा, पार्षद हंसा राम मेघवाल, गोपाल राम मेघवाल, सहस्रदान चारण, गजानंद स्वामी, नरेश दान सहित मेघवाल समाज के लोग मौजूद रहे।

Top