Logo
Header
img

टावर से गिरने से पूर्व सैनिक का निधन

 झुंझुनू जिले के सिंघाना थाना क्षेत्र के गुर्जरवास पंचायत के हरनाथपुरा गांव के पूर्व सैनिक का दो दिन पहले श्रीनगर में टावर से उतरते समय गिरने से निधन हो गया। सोमवार को उनके पैतृक गांव में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। मृत सैनिक भारतीय सेना से रिटायर होकर डिफेंस सिक्योरिटी कापर्स में कार्य कर रहा था। डीएससी के सुबेदार बलवीर सिंह ने बताया कि रणजीत सिंह गुर्जर श्रीनगर में डीएससी में कार्यरत थे। जिनकी ड्यूटी पोस्ट पर लगे टावर पर लगी हुई थी।

26 अगस्त को रणजीत सिंह अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद टावर से नीचे उतर रहे थे। इस दौरान उनका संतुलन बिगड़ जाने से वह टावर से गिर गए। जिससे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में रणजीत सिंह को सैन्य अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान रणजीत सिंह की मौत हो गई। देर रात को रणजीत सिंह का शव सिंघाना के पुलिस थाने में लाया गया। जहां सोमवार सुबह कमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।

हरनाथपुरा निवासी रणजीत सिंह पुत्र गौरी सहाय 1994 में यूपी के फतेहपुर से 25 राजपूत रेजीमेंट में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। 2010 में सेना से रिटायर हो गए थे। भारतीय सेना से रिटायर होने के बाद वह डिफेंस सिक्योरिटी कापर्स में शामिल हो गए थे। वह पिछले छह माह से श्रीनगर में तैनात थे। रणजीत सिंह डेढ़ महीने पहले ही छुट्टी काटकर अपनी ड्यूटी पर गए थे। रणजीत सिंह का निधन होने की सूचना पर घर में कोहराम सा मच गया।

मृतक रणजीत सिंह के एक बेटी पूनम कॉलेज में पढ़ाई करती है। जबकि बेटा संदीप 12वीं में और छोटा बेटा नौवीं कक्षा में पढ़ाई करते हैं। उनकी पत्नी कविता गृहिणी है। रणजीत सिंह सात बहन भाइयों में चौथे नंबर के थे। रणजीत सिंह की अंतिम विदाई में सैनिक कल्याण बोर्ड से सुभाष भास्कर, विधायक सुभाष पूनिया, पूर्व सरपंच जगदीश गुर्जर, थानाधिकारी विक्रम सिंह, एएसआई सुबेसिंह, कैप्टन शुभकरण समेत अनेक ग्रामीण शामिल हुए।

Top