Logo
Header
img

दीपावली पर दिल्ली में 264 जगहों पर लगी आग

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (हि.स.)। प्रतिबंध के बावजूद राजधानी दिल्ली में दीपावली पर खूब पटाखे जले, जिसका नतीजा यह रहा कि इस साल आग लगने की घटनाओं ने इजाफा हुआ। इस वर्ष 264 जगहों पर आग लगने की घटनाएं हुईं। दीपावली की रात 12 बजे तक 201 जगहों पर आग लगी, जबकि रात 12 बजे के बाद सुबह सात बजे तक 63 जगहों पर आग लगी, जिसमें से केवल रात 12 से एक बजे के बीच 25 जगहों पर आग लगने की घटना हुई। पिछली बार 2021 में दीपावली के मौके पर दिल्ली में 152 जगहों पर आग लगी थी। उससे पहले 2020 में 205 जगहों पर आग लगी थी। दमकल विभाग ने इस बार आग पर तुरन्त काबू पाने के लिए एक दो जगह नहीं बल्कि 30 जगहों पर दमकल विभाग की गाड़ियां अलग से तैनात की थीं। दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया की कोविड के पहले 2019 में दीपावली के दिन 245 जगहों पर आग लगने की घटना हुई थी। उम्मीद थी कि इस बार और कमी आएगी। दमकल की तरफ से लोगों को जागरूक भी किया गया था। दमकलकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई थी। 64 दमकल स्टेशनों सहित 94 जगहों पर दमकल की टीम तैनात की गई थी। इस साल भी दीपावली पर पूरी तरह से प्रतिबंध था। पुलिस ने भी खूब कार्रवाई करके 20 हजार किलो से ज्यादा पटाखा बरामद किया था। काफी संख्या में लोगों की गिरफ्तारी भी की गई थी। उम्मीद थी कि लोग पटाखा कम जलाएंगे, लेकिन जिस तरह से आग की घटनाओं ने इस बार भी डबल सेंचुरी पार की है, उससे साफ है कि लोगों ने जमकर पटाखे जलाए।
 वर्ष-आग लगने की कॉल 
 2022 264 
 2021 152 
 2020 205 
 2019 245 
 2018 271 
 2017 204 
 2016 243
 2015 290 
 2014 211 
 2013 177 
 2012 184 
 2011 206
Top