Logo
Header
img

पहले बारिश और अब देवाल देवसारी गांव में जंगली सूअरों ने किया फसल को बर्बाद

चमोली जिले मेंपिछले कई दिनों से रात्रि में बारिश का सिलसिला जारी है। इससे भूस्खलन, अतिवृष्टि से आम जनमानस खासा परेशान हाल है। भारी वर्षा से खेतों में खड़ी फसल बर्बादी की कगार पर पहले से ही है और अब देवाल विकास खंड के देवसारी गांव में जंगली सूअर खेतों में खड़ी फसल को रौंद कर नष्ट कर रहे हैं।

किसान रातभर जागरण कर टीन और ढोल नगाड़े बजाकर सूअरों को भगा रहे हैं। किसानों ने वन विभाग से सुअरों से निजात दिलाने और प्रशासन से फसल नुकसान के मुआवजे की मांग की है।

किसान जीवन मिश्रा, हरीश चंद्र, रमेश चंद्र ने का कहना है कि जहां एक ओर प्रदेश सरकार किसानों की आय को दोगुना करने की बात कर रही है, वहीं किसानों की साल भर की मेहनत से उगाई फसल को जंगली जानवर बर्बाद कर रहे हैं। ऐसे में किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसी दशा में किसानाें का खेती से मोह भग होते जा रहा है। उन्होंने बताया कि देवाल के गांव कैल, सेलखोला हाटकल्याणी, के किसानों ने खेती करना छोड़ दिया है। अन्य गांव में भी यह सिलसिला जारी है।

क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश राम और सरपंच सुरेन्द्र सिंह परिहार ने कहा है कि देवसारी के किसान की फसल धान, मडूवा झंगोरा, दाल, सब्जियां जंगली सूअरो ने बर्बाद कर दी है। किसान आर्थिक तंगी से गुजर रहा है। वन क्षेत्राधिकारी मध्य पिंडर रेंज को ज्ञापन दे कर किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग वन विभाग से की है।

इधर, वन क्षेत्राधिकारी हरीश थपलियाल ने कहा है कि किसानों को फसल नुकसान का राजस्व और वन विभाग संयुक्त निरीक्षण कर किसानों को मुआवजा दिलाया जाएगा। सूअरों को मारने के लिए किसान आवेदन कर सकते हैं।

Top