Logo
Header
img

चाँदनी में महायज्ञ की आज निकलेगी भव्य कलश यात्रा

जालौन, 19 मई (हि.स.)। जालौन के कोंच नगर से करीब 8 किमी की दूरी पर स्थित ग्राम चाँदनी में 19 मई शुक्रवार से श्रीराधा कृष्ण मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा, 11 कुंडीय श्रीविष्णु महायज्ञ, श्रीमद भागवत कथा एवं विराट संत सम्मेलन का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ किया जायेगा। कलश यात्रा में शामिल होने वाले हजारों महिलाएं व पुरुष पैदल ही मुख्य मार्ग का भ्रमण कर पहाड़गांव तिराहे तक जाएंगे, जहां से सभी लोग आरक्षित किए गए वाहनों में सवार होकर ग्राम चाँदनी पहुंचेगे और दोपहर में श्रीगणेश पूजन के साथ महायज्ञ का शुभारंभ होगा। राम जन्मभूमि मंदिर आंदोलन की प्रमुख चेहरा रहीं, प्रखर वक्ता,अंतर-राष्ट्रीय संत साध्वी ऋतंभरा दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक श्रोताओं को अपने मुखारबिंद से कथा का श्रवण कराएंगी। इससे पहले सुबह 11 बजे से नामी संतों द्वारा प्रवचन किए जाएंगे। रात्रि 8 बजे से वृंदावन धाम से पधारी मंडली द्वारा रासलीला का मंचन किया जाएगा। 25 मई को विशाल भंडारा प्रसाद वितरण के साथ उक्त धार्मिक आयोजन संपन्न होगा। चारधाम मंदिर उज्जैन के महामण्डलेश्वर शांति स्वरुपानंद गिरी महाराज के मुख्य संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी आमंत्रित किया गया है।
Top