नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (हि.स.)। जापान के कागोशिमा प्रांत के गवर्नर कोइची शिओटा से वर्ल्ड कनेक्ट एजुकेशन के निदेशक एलएस बेदी और मुकुल मेहता ने यहां मुलाकात की। बैठक में भारत-जापान के बीच व्यापार, शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। उत्तर प्रदेश के नोएडा और उत्तराखंड में जापान की ओर से रोजगार मेले आयोजित करने की संभावना पर भी बात हुई। इन मेलों के जरिए भारतीय युवाओं को जापान में उपलब्ध रोजगार के अवसरों और वहां की कंपनियों की जरूरतों से परिचित कराने पर विचार किया गया।
शिओटा कागोशिमा प्रीफेक्चर-इंडिया फ्रेंडशिप एसोसिएशन (केआईएफए) के कार्यक्रम के तहत भारत आए हैं। यहां इस मुलाकात में सनमार्क्स हॉस्पिटैलिटी के मुख्य परिचालन अधिकारी एवं सह-संस्थापक नवनीत सिंह जुनेजा और कोटोबा बिजनेस कंसल्टिंग के मालिक राजेश दास भी मौजूद रहे। मुकुल मेहता ने भी विद्यार्थी आदान-प्रदान, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने पर चर्चा की। बैठक में वरिष्ठ पत्रकार एवं हिन्दुस्थान समाचार के प्रबंध संपादक जितेंद्र तिवारी, विक्रम उपाध्याय, चंदन बेदी और विक्रम सिंह सहित जापानी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में दोनों देशों के कारोबारियों के बीच संपर्क बढ़ाने, निवेश की संभावनाओं और विद्यार्थियों के आदान-प्रदान पर चर्चा हुई। साथ ही भारतीय युवाओं को जापान में रोजगार से जोड़ने के लिए कौशल प्रशिक्षण और मार्गदर्शन की जरूरत पर भी बात हुई। जापानी कंपनियों की आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को तैयार करने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय कार्यक्षेत्र के अवसरों से परिचित कराने पर जोर दिया गया।
जापान में स्पेसिफाइड स्किल्ड वर्कर (एसएसडब्ल्यू) कार्यक्रम के तहत भारतीय युवाओं के लिए उपलब्ध रोजगार के अवसर भी चर्चा में रहे। इस कार्यक्रम के तहत जापान में काम करने के इच्छुक युवाओं को संबंधित क्षेत्र में आवश्यक कौशल और पात्रता की जानकारी देना महत्वपूर्ण माना गया। नोएडा और उत्तराखंड में रोजगार मेले आयोजित करने की संभावना को इसी संदर्भ में देखा जा रहा है।
सनमार्क्स हॉस्पिटैलिटी के सह-संस्थापक नवनीत सिंह जुनेजा वर्ष 2003 से जापान से जुड़े हैं। उन्हें जापानी भाषा, संस्कृति और कारोबारी कार्यशैली का 23 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने वर्ष 2017 से भारत में अपने कारोबार का विस्तार शुरू किया। उनकी कंपनी हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में काम करती है और भारत आने वाले जापानी नागरिकों तथा कंपनियों को आवास एवं अन्य सेवाएं उपलब्ध कराती है। जुनेजा भारत और जापान, विशेषकर कागोशिमा के बीच व्यापारिक संपर्क और सांस्कृतिक आदान-प्रदान बढ़ाने के लिए भी काम कर रहे हैं।
कोटोबा बिजनेस कंसल्टिंग के मालिक राजेश दास ने भारत और जापान के कारोबारियों के बीच बेहतर संपर्क तथा दीर्घकालिक व्यापारिक साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा की। बैठक में जापान के विभिन्न व्यवसायों से जुड़े प्रतिनिधि और कारोबारी भी शामिल हुए। इस दौरान व्यापार, निवेश, शिक्षा और रोजगार से जुड़े क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने के मुद्दे उठे।
वर्ल्ड कनेक्ट एजुकेशन के निदेशक एलएस बेदी ने शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग की संभावनाओं पर बात की। उन्होंने विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय शिक्षा के अवसरों की जानकारी देने और जापान में रोजगार के इच्छुक युवाओं को जरूरी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के महत्व को भी बताया।