Logo
Header
img

पलामू में जेल सुप्रीटेंडेंट के बॉडीगार्ड ने की फायरिंग, दो घायल

मेदिनीनगर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। पलामू में मेदिनीनगर सेंट्रल जेल के सुपरिटेंडेंट के बॉडीगार्ड ने रविवार को गोली चलाई, जिससे दो युवक जख्मी हो गए। इनमें एक युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है। सूचना मिलने पर पलामू के एसपी चंदन कुमार सिन्हा, डीएसपी सुरजीत कुमार, टाउन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अभय कुमार सिन्हा, टीओपी2 के प्रभारी रूद्रानंद सरस, मेदिनी रॉय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और घायल की स्थिति के बारे में जानकारी ली। पुलिस आरोपित बॉडीगार्ड की तलाश में जुटी है। घायल युवकों के नाम रेडमा निवासी अंजन तिवारी (40 ) एवं रेडमा के ही काशी नगरी के रहने वाले मनीष तिवारी उर्फ रिंकू (38) है। मनीष तिवारी को रांची रिम्स रेफर किया गया है। गोली चलाने वाले बॉडीगार्ड की पहचान विनीत तिवारी के रूप में हुई है। विनीत तिवारी मेदिनीनगर सेंट्रल के सुपरिटेंडेंट का बॉडीगार्ड है। यह भी जानकारी मिली है कि उसने जिस हथियार से गोली चलाई, वह उसका सर्विस रिवाल्वर है। बताया जाता है कि गोली चलाने वाला वह नशे में था। इस संबंध में घायल अंजन तिवारी ने बताया कि वह अपने पिता को लेने चियांकी के समीप आकाश धर्म कांटा की ओर जा रहा था। इसी बीच विनीत तिवारी ने उस पर गोली चलाई। उसे गोली नहीं लगी, लेकिन गोली चलने के बाद छर्रा लगने से वह जख्मी हुआ। घटना के बाद वह इसकी जानकारी देने शहर थाना चला गया। गोली चलाने वाले उसके पीछे उसके घर आ गए और उसके चचेरे भाई मनीष तिवारी पर गोली चला दी। गोली मनीष के बांह में लगी। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए एमआरएमसीएस में भर्ती किया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
Top