Logo
Header
img

राज्य के कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना, पटना में चलेगी हवा

पटना, 15 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मानसून की वापसी हो चुकी है लेकिन बिहार के कुछ जिलों में हल्की बारिश का सिलसिला अभी भी जारी रहेगा। यहां हवा में नमी की मात्रा कम होने के कारण सुबह-शाम हल्की ठंड का असर भी अब महसूस होगा।

राजधानी में आज बादलों का खेल जारी है। यहां कभी धूप तो कभी छाव हो रहा है और नमी के साथ हल्की हवा भी चल रही है। इस बीच मौसम विभाग ने बिहार के कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की है। इसके साथ ही 19 अक्टूबर तक आसमान में बादल छाए रहने और तेज रफ्तार में हवा चलने की संभावना भी जतायी है। शुक्रवार को राज्य के रोहतास के नौहट्टा में 20.6 मिमी, तारापुर में 4.6 मिमी, अरियारी में 0.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

राजधानी में मौसम शुष्क और उत्तर पूर्व भाग में होगी हल्की वर्षा

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार राजधानी समेत राज्य के कुछ जिलों का मौसम शुष्क बना रहेगा।राज्य के उत्तर पूर्व भाग के सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया एवं कटिहार जिले के एक या दो जगहों पर हल्की वर्षा की आशंका है। गोपालगंज और आसपास के जिलों में 19 अक्टूबर तक आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि इस दौरान मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है।

ग्रामीण कृषि मौसम सेवा पूसा तथा भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से जारी किए गए मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 19 अक्टूबर तक अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

6 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी पछुआ हवा

मौसम पूर्वानुमान के इस अवधि में औसतन 6 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पछुआ हवा चलने की संभावना व्यक्त की गई है। इस दौरान सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 65 से 75 प्रतिशत तथा दोपहर में 55 से 60 प्रतिशत रहने की संभावना है।

Top