मिलावट पर शिकंजा: लुधियाना में फूड सेफ्टी टीम की विशेष चेकिंग, 21 खाद्य सैंपल लिए
लुधियाना, 1 अक्टूबर 2026, माननीय कमिश्नर, फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन, पंजाब, आई.ए.एस. श्रीमती कमलप्रीत कौर बराड़ जी के दिशा-निर्देशों के अनुसार तथा जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संदीप सिंह जी के नेतृत्व में फूड सेफ्टी टीम लुधियाना द्वारा Food Safety and Standards Act, 2006 तथा FSSAI द्वारा निर्धारित मानकों की पालना सुनिश्चित करने के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष चेकिंग एवं सैंपलिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग अभियान के दौरान खन्ना, समराला, जंडियाला, गटानी, चंडीगढ़ रोड और कोहाड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों से संबंधित प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान मिर्च-मसालों, साबुत काली मिर्च, जीरा तथा अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए सैंपल लिए गए।
फूड सेफ्टी टीम द्वारा कुल 21 खाद्य सैंपल लिए गए, जिनमें मिर्च-मसालों के 18 सैंपल, केक के 2 सैंपल तथा बेसन बर्फी का 1 सैंपल शामिल है। सभी सैंपल निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार एकत्र कर वैज्ञानिक जांच के लिए अधिकृत फूड लैबोरेटरी में भेजे गए हैं।
इसके अलावा, गांव सलोती से प्राप्त शिकायत के आधार पर केक का एक सैंपल भी लिया गया और जांच के लिए भेजा गया। इसी प्रकार डंडी स्वामी रोड से बेसन बर्फी का सैंपल लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया।
फूड सेफ्टी विभाग ने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी खाद्य पदार्थ में Food Safety and Standards Act, 2006 अथवा इसके तहत बनाए गए Rules & Regulations का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित Food Business Operator (FBO) के विरुद्ध कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संदीप सिंह ने सभी फूड बिजनेस ऑपरेटरों से FSSAI द्वारा निर्धारित Hygiene and Sanitary Practices का सख्ती से पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों को साफ-सुथरे एवं ढके हुए बर्तनों में रखा जाए, खाद्य पदार्थ तैयार करने एवं स्टोर करने वाले स्थानों की उचित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध करवाया जाए।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा फूड सेफ्टी मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
लुधियाना जिले में फूड सेफ्टी संबंधी चेकिंग, सैंपलिंग एवं जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जा सके।