Logo
Header
img

पुनः आने की कामना के साथ नम आंखों से विदा की गई मां दुर्गा

बेगूसराय,07 अक्टूबर (हि.स.)। परिवार, समाज और देश को सुखी रखते हुए अगले साल पुनः आने की कामना के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन का सिलसिला जारी है। गुरुवार की रात तक करीब सभी ग्रामीण क्षेत्रों और बेगूसराय नगर दुर्गा पूजा समिति के 25 प्रतिमाओं को श्रद्धा और भक्ति के साथ विसर्जित कर दिया गया है।

शेष प्रतिमा का विसर्जन भी शुक्रवार की रात तक कर दिया जाएगा। विसर्जन के दौरान तमाम जगहों पर भव्य जुलूस निकाला गया। जिसमें की बड़ी संख्या में पुरूष ही नहीं महिलाएं भी शामिल हुई। सबसे बड़ी बात तो यह थी कि मंदिर से विसर्जन तक के पूरे रास्ते में महिलाएं बेटी विदाई की तरह प्रतिमा के साथ समदाउन और विदाई गीत गाते हुए चलती रही। बैंड बाजों की आवाज और शहनाई की धुन में महिलाओं का यह पारंपरिक गीत वातावरण को और भक्तिमय बना रहा था। जिला मुख्यालय में सबसे अधिक भीड़ मेन रोड स्थित बूढ़ी दुर्गा माता के विसर्जन में उमड़ पड़ी। 40 कहारों की टोली ने पालकी पर जब प्रतिमा रखा और अपने कंधों पर उठाकर चल पड़े तो पूरा वातावरण जयकारा से गूंज उठा।

मंदिर से चली प्रतिमा को बड़ी पोखर विसर्जन स्थल तक लाने में श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए कई स्थानों पर रखा गया। मां का अंतिम दर्शन और पूजा अर्चना करने के लिए मेन रोड के दोनों तरफ लोगों की भीड़ घंटों जुटी रही तथा रास्ते में विभिन्न जगहों पर पुष्प वर्षा किया गया। इस दौरान जुटी भक्तों की भीड़ भगवती से परिवार, समाज और देश के लिए मंगल कामना किया। नगर भ्रमण के बाद मुख्यालय की सभी प्रतिमा बड़ी तालाब पहुंची, जहां कि हजारों लोगों ने नम आंखों से माता को विदाई दी तथा रात में करीब 12 बजे बूढ़ी माता के बाद क्रमबद्ध सभी प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया है।

जिला मुख्यालय के बड़ी पोखर पर बड़ी संख्या में प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ सुरक्षा बलों को लगाया गया है, गोताखोर भी तैनात किए गए हैं। विसर्जन को लेकर सिमरिया घाट में अनिल कुमार सहित डीडीआरएफ के जवान और मजिस्ट्रेट तैनात हैं। समाचार भेजे जाने तक सामूहिक आरती के बाद प्रतिमा विसर्जन का सिलसिला लगातार जारी है।

Top