Logo
Header
img

सुरेश्वर महादेव मंदिर में 18 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व का आयोजन

रांची, 16 फ़रवरी (हि.स.)। रांची स्थित सुरेश्वर महादेव मंदिर में पहली बार महाशिवरात्रि पर्व का आयोजन होना है। मंदिर प्रबंधन से जुड़े महासचिव संतोष कुमार ने बताया कि 18 फरवरी को धूमधाम से महाशिवरात्रि पर्व मनाया जायेगा। वर्ष में 2022 में आठ मई को मंदिर में बाबा भोले नाथ के शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा की गयी थी। इस नाते आयोजन समिति को पहली बार मंदिर परिसर में महाशिवरात्रि के भव्य और ऐतिहासिक आयोजन का मौका मिल रहा है। इस दिन सुबह चार बजे भगवान भोले नाथ का रुद्राभिषेक किया जायेगा। इसके बाद व्यवस्थित तरीके से भक्त भी जलार्पण कर सकेंगे। संध्या काल में महाआरती के बाद शिव बारात निकलेगी जो महादेव मंडा होते राम मंदिर तक जायेगी। इस मंदिर में ही माता पार्वती और शिवजी का विवाह संपन्न होगा। संतोष कुमार ने बताया कि शिव बारात में घोड़ा नाच होगा। साथ ही कानपुर और इंदौर से आने वाले कलाकार भव्य झांकी पेश करेंगे। ढोल मांदर और तुरतुरी बजाते बारात राम मंदिर जायेगी। स्काई इवेंट के कलाकार भगवान भोले नाथ और मां पार्वती का रूप धरे अपने सहयोगी कलाकारों के साथ सजे हुए ट्रेलर में एक से एक झांकी पेश करेंगे।
Top