Logo
Header
img

मोरबी पुल हादसा मानव निर्मित लापरवाही का नमूना : गहलोत

जयपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान के मुख्यमंत्री और गुजरात चुनाव में कांग्रेस के वरिष्ठ पर्यवेक्षक अशोक गहलोत टसोमवार को गुजरात के मोरबी पहुंचे। इससे पहले अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में सीएम गहलोत ने मोरबी पुल हादसे को प्राकृतिक प्रकोप मानने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि यह मानव निर्मित लापरवाही का बड़ा नमूना है। गहलोत ने कहा कि मोरबी में अब तक 190 लाशें मिल चुकी हैं। अभी और लाशें मिलने की संभावना है। बहुत दुखद घटना है, लेकिन मुआवजा अपर्याप्त है। यह प्राकृतिक प्रकोप नहीं, लापरवाही का नमूना है। लापरवाही किस स्तर पर हुई है, ये जांच का विषय है। लापरवाही का नमूना है, तो उसी ढंग से सरकार को अधिकतम मदद करनी चाहिए। प्रधानमंत्री राहत कोष से भी अलग से मदद मिलनी चाहिए। अभी सुना है कि चार लाख रुपये राज्य सरकार, दो लाख रुपये पीएम राहत कोष से आ रहे हैं, जो बहुत ही अपर्याप्त हैं। कम से कम 10 लाख रुपये राज्य सरकार और पांच लाख रुपये पीएम राहत कोष से मिलने चाहिए। इसके अलावा अन्य मदद मिले, वो भी कम है। पुल हादसे में जान गंवाने वाले लोगों और उनके परिवार की कोई गलती या दोष नहीं है। सरकार को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। गहलोत ने कहा कि एसडीआरएफ की टीमों को हादसे के बाद मौके पर आने में देरी हो गई, लेकिन स्थानीय लोगों ने कोई कमी नहीं रखी। वो धन्यवाद के पात्र हैं। सवाल यह भी है कि लोकल अथाेरिटी ने अनुमति नहीं दी तो पुल पर लोगों की आवाजाही क्यों अनुमत की गई। ठेकेदार तो पैसा कमाने में लग जाता है। अथोरिटी को ध्यान रखना चाहिए था, जब तक अनुमति नहीं थी, तब तक पुल पर लोगों को अनुमत नहीं करना चाहिए था। बहुत बड़ा हादसा हुआ है। पूरे देश के लोग चिन्तित हैं। बहुत लोगों को आघात लगा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कल कोई कमेटी बनी है, उससे काम नहीं चलेगा। कम से कम हाईकोर्ट के सीटिंग जज से टाइम बाउंड इन्क्वायरी होनी चाहिए, ताकि लोगों को मालूम पड़े कि क्या दोष था। लापरवाहों को सजा मिल सके। ये जो कंपनी मैनेजमेंट कर रही थी, हमने सुना है जल्दबाजी में बिना कोई सर्टिफिकेट लिए ही पुल को शुरू कर दिया। हादसे का एक कारण वो भी हो सकता है। इसकी जांच होगी तो मालूम चलेगा। कंपनी के खिलाफ कार्रवाई होना चाहिए। राजस्व कमाने के चक्कर में उसने पुल की शुरुआत कर दी। जिससे बहुत बड़ी त्रासदी हो गई। गहलोत और डॉ रघु शर्मा ने मोरबी के अस्पतालों में भर्ती घायलों की कुशलक्षेम पूछी। घायलों के परिजनों, डॉक्टर्स और मेडिकल टीम से उनकी सेहत की जानकारी जुटाई। साथ ही मृतकों के परिवारों को सांत्वना दी। इसके साथ ही जहां पुल गिरने से हादसा हुआ, मच्छु नदी पर उस जगह का भी जायजा लिया। स्थानीय प्रशासन और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की पूरी जानकारी ली। गुजरात के मोरबी में हुए दिल दहलाने वाले पुल गिरने के हादसे के कारण आज कांग्रेस पार्टी ने अपनी परिवर्तन संकल्प यात्रा स्थगित कर दी है। राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट का भी गुजरात दौरा स्थगित हो गया है।
Top