Logo
Header
img

भोपाल: हड़ताल पर नगरनिगम कर्मचारी

भोपाल, 12 दिसंबर (हि.स.)। राजधानी में सोमवार को निगमकर्मी हड़ताल पर हैं। अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने दावा किया है कि हड़ताल के चलते सफाई, पानी समेत सभी सेवाएं ठप हैं। हालांकि, तीन कर्मचारी संगठन मोर्चा से समर्थन वापस ले चुके हैं। ऐसे में कर्मचारी दो हिस्सों में बंट गए हैं। उल्लेखनीय है कि छह सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारियों ने कड़ा रुख अख्तियार किया था। इसे लेकर चार दिन पहले 12 कर्मचारी संगठनों ने एकजुटता दिखाई थी और निगम दफ्तर का घेराव कर दिया था। पहली बार सैकड़ों कर्मचारी तीन घंटे तक धरने पर बैठे रहे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी थी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गई तो वे 12 दिसंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। इससे पानी, सफाई, फायर समेत आमजनों से जुड़ी सेवाएं ध्वस्त हो जाएंगी। कर्मचारियों की चेतावनी के बाद अफसर और जनप्रतिनिधियों ने संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात की। संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष इरफान अल्ताफ और मीडिया प्रभारी अशोक वर्मा ने कहा कि हड़ताल से सभी काम प्रभावित हुए हैं। कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे, जब तक उनकी पूरी मांगों पर विचार नहीं किया जाता है। वहीं, कर्मचारी नेता अनिल श्रवण का कहना है कि मांगों पर सहमति बनने के बाद अखिल भारतीय सफाई मजदूर ट्रेड यूनियन, मप्र हरिजन कल्याण संघ और राष्ट्रीय मजदूर संघ ने मोर्चा से अपना समर्थन वापस ले लिया है। वे आज यानी कि सोमवार की हड़ताल में ये शामिल नहीं हैं।
Top