Logo
Header
img

नर्मदा जयंती और नगर का गौरव दिवस आज

नर्मदापुरम, 28 जनवरी (हि.स.)। मां नर्मदा की जयंती और नर्मदापुरम का गौरव दिवस समारोह आज मनाया जा रहा है। नर्मदा जयंती के मुख्य समारोह के लिए जहां शहर के विभिन्न घाट सजकर तैयार हैं, वहीं सेठानी घाट पर होने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। इसके लिए आज शहर की यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किए गए हैं। नर्मदा जयंती का मुख्य समारोह सेठानी घाट पर होगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जलमंच से मां नर्मदा का पूजन अभिषेक करेंगे। जयंती पर बड़ी संख्या में हजारों श्रद्धालु नर्मदा के दर्शन करने पहुंचते है। नर्मदापुरम के अलावा हरदा, बैतूल, भोपाल समेत अन्य जिलों से श्रद्धालु यहां आते है। उनकी सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 600 पुलिस अधिकारी/कर्मचारी तैनात किए गए हैं। नर्मदापुरम पुलिस द्वारा यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की गई है। जो दोपहर 2 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगी। यातायात पुलिस के प्लान के अनुसार 28 जनवरी शनिवार दोपहर 02 बजे से सेठानी घाट, पर्यटन घाट, कोरी घाट, झंडा चौक, सराफा चौक, कसेरा बाजार, मोरछली चौक, सेंट्रल बैंक तिराहा, मेन बोर्ड स्कूल चौराहा क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने वाले नागरिकों की सुविधा के लिए चार पहिया वाहनों की पार्किंग व्यवस्था एसएनजी स्कूल मैदान में रहेगी। दो पहिया वाहनों की पार्किंग व्यवस्था सेठ गुरुप्रसाद स्कूल परिसर में रहेगी। इसके अतिरिक्त दशहरा मैदान में भी सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था रहेगी।
Top