Logo
Header
img

अलग-अलग सड़क हादसों में एक की मौत, 4 घायल

उदालगुड़ी जिले के पानेरी, हाथीगढ़ और भैरबकुंड क्षेत्रों में हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।

पुलिस द्वारा आज दी गई जानकारी के अनुसार एक मारुति ब्रेजा वाहन ने नियंत्रण खोकर पानेरी के क्रिश्चियनपारा में एक पुल से उस समय टकरा गया, जब वह टंगला से उदालगुड़ी की ओर जा रहा था। इसमें गाड़ी चालक सीमांत डेका (40) गंभीर रूप से घायल हो गया और सवार सिराज (40) को मामूली चोटें आईं। घायलों में से दो को 108 सेवा के माध्यम से उदालगुड़ी सिविल अस्पताल ले जाया गया।

एक अन्य दुर्घटना उस समय हुई जब वाहन चालक अमल चुंडी (36) हाथीगढ़ की ओर जा रहा था। तभी विपरीत दिशा से आ रही बकरी को बचाने के प्रयास में वह अचानक नियंत्रण खो बैठा और घायल हो गया। उसे 108 सेवाओं के माध्यम से उदालगुड़ी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इनके अलावा एक अन्य दुर्घटना भैरवकुंड वनभोज स्थल के पास एसएसबी कैंप के पास हुई, जिसमें एक स्कूटी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई और रूपा दैमारी (18) गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल रूपा दैमारी को 108 सेवा की मदद से उदालगुड़ी सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए 108 सेवाओं के साथ गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल भेज दिया गया। आज की दुर्घटनाओं में 108 कर्मचारियों की त्वरित सेवा को जनता ने खूब सराहा।

Top