इंदौर: सुबह पांच बजे शुरू हुई रणजीत हनुमान जी की प्रभात फेरी
इंदौर, 16 दिसंबर (हि.स.)। प्रभात फेरी के 137 वें वर्ष में रणजीत हनुमान जी की भव्य प्रभात फेरी शुक्रवार सुबह पांच बजे शुरू हो गई है। प्रभात फेरी में लाखों लोग शामिल हैं और सड़क दोनों तरफ हनुमान जी के दर्शन के लिए आतुर भक्तों की भीड़ प्रतीक्षा कर रही है। जगह-जगह बनाए गए मंचों से बाबा रणजीत हनुमान जी के रथ पर पुष्प वर्षा की जा रही है।
हाथों में भगवा ध्वजा लिए महिलाओं और पुरुषों की भीड़, हर तरफ जय रणजीत के जयकारों की गूंज के साथ विभिन्न किस्म के फूलों से सजे स्वर्ण रथ में सवार होकर रणजीत हनुमान जी शुक्रवार सुबह 5 बजे नगर भ्रमण पर निकले। प्रभात फेरी रणजीत हनुमान मंदिर से सुबह 5 बजे के पहले ही शुरू हो गई थी, जो दो घंटे में महू नाका पहुंची। यहां से दो घंटे बाद यानी सुबह 9 बजे दशहरा मैदान तक पहुंची। यहां अब तक एक लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। जैसे-जैसे बाबा रणजीत का स्वर्ण रथ आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे भक्तों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। लोग परिवार के साथ बाबा के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। महिलाएं अपने छोटे-छोटे बच्चों को भी बाबा के दर्शन कराने लाई हैं। पूरे रास्ते यहां प्रभातफेरी का फूलों की वर्षा कर जबरदस्त स्वागत किया गया। ढोल की धुन पर भक्त नाचते-गाते आगे बढ़ रहे हैं। जगह-जगह स्वागत मंच लगे हैं। यहां खाने-पीने की भी व्यवस्था की गई है।
गौरतलब है कि रणजीत अष्टमी के मौके पर 137वें साल में यह प्रभात फेरी निकाली जा रही है। इसके पहले मंदिर के पुजारी पं. दीपेश व्यास और अन्य पुजारीगण बाबा की विग्रह प्रतिमा को मंदिर से बाहर स्वर्ण रथ पर लेकर आए। पूरे विधि-विधान के साथ बाबा के विग्रह को रथ में विराजित किया गया। रथ और उसके आसपास भव्य आतिशबाजी भी की गई। रथ के आगे भजन मंडलियों के बीच भजनों की प्रस्तुति देते हुए कलाकार आगे बढ़ रहे हैं। प्रभात फेरी के आगे चल रही नासिक की ढोल पार्टी भी भक्तों को आकर्षित कर रही है। प्रभात फेरी में प्रदेश सरकार के मंत्री तुलसी सिलावट समेत अनेक नेता और जनप्रतिनिधि शामिल हैं।