Logo
Header
img

दो दिवसीय दौरे पर असम पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

गुवाहाटी, 13 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू असम के दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार को दोपहर त्रिपुरा की राजधानी अगरतला से गुवाहाटी पहुंच गईं। देश के सर्वोच्च पद पर चुने जाने के बाद असम की यह उनकी पहली यात्रा है। मुर्मू राज्य में अपने प्रवास के दौरान कई सरकारी कार्यक्रमों में भाग लेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू कामाख्या मंदिर में दर्शन करेंगी और कई परियोजनाओं और संस्थानों का उद्घाटन भी करेंगी।

गुवाहाटी हवाई अड्डा पर पहुंचने पर राष्ट्रपति मुर्मू का राज्यपाल प्रो. जगदीश मुखी, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, गुवाहाटी के मेयर मृगेन शरणिया समेत अन्य लोगों ने जोरदार स्वागत किया। हवाई अड्डा पर राष्ट्रपति को गार्ड आफ ऑनर दिया गया। हवाई अड्डा से राष्ट्रपति मुर्मू सीधे आईआईटी गुवाहाटी के लिए रवाना हो गयीं। आईआईटी गुवाहाटी में कई कार्यक्रमों का वे उद्घाटन करेंगी।

मुर्मू अपनी यात्रा के पहले दिन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान गुवाहाटी (आईआईटी-जी), अमीनगांव में एक कार्यक्रम में भाग लेंगी। साथ ही यहीं से वर्चुअली धुबड़ी मेडिकल कालेज एंड अस्पताल का उद्घाटन करेंगी। बाद में वह पंजाबारी के श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र और असम एडमिनिस्ट्रेटिव स्टाफ कॉलेज, खानापाड़ा में अलग-अलग कार्यक्रमों में भाग लेंगी।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) से मान्यता प्राप्त होने के बाद धुबड़ी मेडिकल कालेज एंड अस्पताल के छात्रों का पहला बैच इस साल धुबरी में प्रवेश लेगा। एनएमसी ने धुबरी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के लिए एमबीबीएस की एक सौ सीटें मंजूर की हैं।

Top