नई दिल्ली, 10 जुलाई (हि.स.)। तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में चल रहे इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन (आईबीएफ) की प्रो बॉक्सिंग लीग (पीबीएल) के ग्रैंड फिनाले में शुक्रवार को राजनीतिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां पहुंचीं और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान नेताओं ने लीग को भारतीय बॉक्सिंग के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह भी ग्रैंड फिनाले में पहुंचे और खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि आज जो खिलाड़ी इस मंच पर अपना दमखम दिखा रहे हैं, वही भविष्य में एशियाई खेलों, विश्व चैंपियनशिप और ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरी मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग मो ग्रैंड फिनाले के मुकाबले देखने के बाद कहा कि इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन का यह प्रयास देश में बॉक्सिंग की नई संस्कृति विकसित करेगा। पिछले चार दिनों से चार टीमों के 32 खिलाड़ी जिस स्तर का प्रदर्शन कर रहे हैं, उससे स्पष्ट है कि भारत में बॉक्सिंग प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ऐसी पेशेवर लीग खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम के दौरान दिल्ली के विधायक अशोक गोयल भी स्टेडियम में मौजूद रहे। उन्होंने बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों के साथ मुकाबलों का आनंद लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। दिल्ली के पूर्व मेयर जयप्रकाश ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने के साथ-साथ उन्हें बेहतर अवसर भी उपलब्ध कराती हैं।
वहीं, असम सरकार के कैबिनेट मंत्री अशोक सिंघल ने ईस्टर्न टाइगर्स टीम के शानदार प्रदर्शन पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्वी भारत के खिलाड़ियों ने लंबे समय से भारतीय खेल जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि प्रो बॉक्सिंग लीग में ईस्टर्न टाइगर्स के प्रदर्शन ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पूर्वी भारत में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी छाप छोड़ रहे हैं।
चार दिनों तक चले इस फ्रेंचाइजी आधारित प्रो बॉक्सिंग लीग में देशभर के 32 मुक्केबाजों ने चार टीमों का प्रतिनिधित्व करते हुए रोमांचक मुकाबले खेले। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उच्चस्तरीय तकनीक, फिटनेस और जुझारूपन का प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम में नेमीषशरण के पीठ के रंजीत शास्त्री भी इस ग्रैंड फिनाले में मौजूद रहे।